मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों को मार्च में मिलेंगे 3 माह के 7500 रु..शर्त यही कि जांच पूरी हो जाए…

मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों को मार्च में मिलेंगे 3 माह के 7500 रु..शर्त यही कि जांच पूरी हो जाए…

रांची(RANCHI): मंईयां सम्मान योजना की लगभग 59 लाख लाभुकों को मार्च में तीन माह (जनवरी, फरवरी व मार्च) के 7500 रुपए मिलेंगे। लेकिन, इसमें शर्त यही है कि इस अवधि तक सभी लाभुकों का वेरिफिकेशन कार्य पूरा कर लिया जाए। लाभुकों के बैंक खाते को उनके आधार से लिंक कर लिया जाए। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने सभी जिलों को इस संबंध में निर्देश दिया है।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि लक्ष्य है कि मार्च तक सभी लाभुकों को बकाया भुगतान कर दिया जाए। पर, उसके साथ यह भी फैसला लिया गया है कि एक भी अपात्र लाभुक के खाते में पैसे नहीं जाए। इसके लिए जिलों में सूक्ष्म तरीके से लाभुकों की जांच की जा रही है। डुप्लीकेसी की छंटनी हो रही है। उन बैंक खातों की पड़ताल की जा रही है, जिनमें एक से अधिक लाभुकों के पैसे गए हैं। हालांकि, अभी किसी भी जिले ने भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट राज्य सरकार को नहीं भेजी है। बता दें कि लाभुकों को दिसंबर की राशि मिल गई है। जनवरी और फरवरी की राशि नहीं गई है। उल्लेखनीय है कि पहली किस्त भेजे जाने के बाद विभाग को पता चला कि बड़ी संख्या में वैसी महिलाओं के खाते में भी इस योजना के 2500 रुपए चले गए हैं, जो इसके लिए योग्य नहीं हैं। ऐसे में विभागीय निर्देश के आलोक में सभी लाभुकों का भौतिक सत्यापन हो रहा है। इसमें लगातार कई गंभीर खामियां सामने आई हैं। अपात्र लाभुकों की छंटनी हो रही है। लाभुकों की नई सूची अपडेट की जा रही है।

इस साल छह जनवरी को ~2500 ट्रांसफर किए गए थे

मुख्यमंत्री मंईयां योजना के लाभुकों को बढ़ी हुई राशि का भुगतान दिसंबर से हो रहा है। 6 जनवरी 2025 को हुए कार्यक्रम में सीएम हेमंत सोरेन ने 56,61,791 महिलाओं के खाते में दिसंबर की 1,415 करोड़ की राशि ट्रांसफर की थी। कहा गया था कि हर माह की 15 तारीख को पैसे खाते में डाले जाते रहेंगे। पर, अब फरवरी का तीसरा सप्ताह शुरू है, जनवरी के भी पैसे नहीं भेजे गए हैं। बता दें कि मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुकों को हर माह 1,000 रु. देने का प्रावधान था। यह व्यवस्था अगस्त 2024 से शुरू हुई थी। नवंबर तक लाभुकों को 1,000 रु. दिए गए थे।

NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *