रांची(RANCHI): कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री के आवासीय परिसर में मुख्यमंत्री के लिए आवास निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नए आवास निर्माण का काम भवन निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है। इससे पहले वर्तमान सीएम आवास के पहले तल्ले को ध्वस्त करने का काम तेजी से हो रहा है। विभाग के प्रमंडल-01 के द्वारा की गई नीलामी के बाद पुराने भवन को ध्वस्त करने का काम हो रहा है। अब विभाग द्वारा जल्द ही नए आवास बनाने के लिए डीपीआर बनाया जाएगा। इसके लिए पहले एजेंसी का चयन होगा।
भवन निर्माण विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जनवरी माह के अंत में मुख्य अभियंता की अध्यक्षता में डीपीआर बनाने के लिए करीब आठ एजेंसी को बुलाया गया था। हालांकि मुख्य अभियंता 31 जनवरी को रिटायर हो गए। इस कारण एजेंसी के साथ बैठक नहीं हो पायी। डीपीआर निर्माण के बाद टेंडर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नए आवास निर्माण का काम शुरू किया जाएगा। बता दें कि नए आवास निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कई दौर की उच्च स्तरीय बैठक भी हो चुकी है।
सुदेश महतो का आवास खाली कराया गया
भवन निर्माण विभाग ने बीते 18 दिसंबर को एक आदेश जारी कर पू्र्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो को कांके रोड स्थित आवास खाली करने का आदेश जारी किया था। कार्यपालक अभियंता की ओर से पत्र में लिखा गया था कि मुख्यमंत्री आवास का कार्यालय एवं परिसर की मरम्मत की जानी है। जब तक वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो जाती है, तब तक कांके रोड स्थित सुदेश महतो के आवास (आवास संख्या-5) को उपयुक्त मानते हुए अस्थाई रूप से मुख्यमंत्री के कार्यालय के रूप में आवंटित किए जाने का आदेश दिया जाता है। वर्तमान में सारी गतिविधियां यहीं से संचालित हो रही हैं।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट
