नई दिल्ली(NEW DELHI) :महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार 26/11 मुंबई आतंकवादी हमलों के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद जेल में डालने के लिए तैयारी कर रही है.मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा के बाद आई है कि उनके प्रशासन ने 26/11 मुंबई आतंकवादी हमलों में भूमिका के लिए भारतीय जांच एजेंसियों द्वारा वांछित राणा के प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है.राणा के प्रत्यर्पण के बाद महाराष्ट्र की तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने यहां कहा, ‘‘हमने कसाब को (जेल में) रखा, इसमें बड़ी बात क्या है? हम उसे निश्चित रूप से रखेंगे.’’ महाराष्ट्र के गृह विभाग का भी प्रभार संभाल रहे मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि मुंबई का सुरक्षा ढांचा हाई-प्रोफाइल अपराधियों से निपटने में सक्षम है.मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मामला मुंबई का है, इसलिए उसे (राणा को) मुंबई लाया जाएगा. हम अजमल कसाब से भी निपटे थे. हमें राणा का ऑनलाइन बयान मिला था, जिससे पाकिस्तान की संलिप्तता (26/11 में) साबित हुई. वह उस समय अमेरिकी संरक्षण में था. राणा भारत का अपराधी है और उसे यहां कानून का सामना करना होगा. हमें 26/11 मामले में अंतिम न्याय मिलेगा.’’
मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को हुए आतंकवादी हमलों में शामिल 10 आतंकवादियों में से एक अजमल कसाब को मुंबई में गिरफ्तार किया गया था. उसे चार साल तक महाराष्ट्र की जेलों में रखा गया और 2012 में पुणे की यरवदा सेंट्रल जेल में उसे फांसी दे दी गई.फडणवीस ने कहा कि जांच के दौरान आतंकवादी हमले में पाकिस्तान की भूमिका उजागर हुई और यह साबित हो गई. उन्होंने राणा को मुकदमे के लिए भारत लाने के प्रयासों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, ‘‘मैं राणा के प्रत्यर्पण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहता हूं. हम सभी चाहते थे कि हमारे खिलाफ साजिश रचने वाले, मुंबई आतंकवादी हमले के मास्टरमाइंड को भारत को सौंप दिया जाए.’’मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरू में अमेरिका राणा को भारत को सौंपने में अनिच्छुक था और उसे बचाना चाहता था, लेकिन प्रधानमंत्री की पहल के कारण 26/11 के प्रमुख आरोपियों के प्रत्यर्पण को अमेरिका और उसके राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा मंजूरी मिल गई है.उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि यह भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है. यह इसलिए जरूरी है कि अपराधियों को हमारी न्यायिक और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से सजा मिले.’’ पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक राणा वर्तमान में लॉस एंजिल्स के एक महानगरीय हिरासत केंद्र में बंद है. उसे पाकिस्तानी-अमेरिकी आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली से जुड़ा माना जाता है, जो 26/11 हमलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक है.
NEWSANP के लिए नई दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट
