पटना(PATNA): राजधानी पटना से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पटना हाई कोर्ट की 24 वर्षीय जूनियर महिला वकील ने एक सीनियर वकील और टाइपिस्ट के खिलाफ रेप और छेड़खानी का मामला दर्ज कराया है। यह एफआईआर शनिवार को श्रीकृष्णापुरी थाना में दर्ज की गई, जिसकी पुष्टि एसके पुरी थाने के एसएचओ पंकज कुमार ने की है। पीड़िता का आरोप है कि हाई कोर्ट के सीनियर एडवोकेट अमित गिरी ने इंटर्नशिप के दौरान उसे नौकरी में प्रमोशन देने का लालच दिया और फिर मरीन ड्राइव के पास उसका यौन शोषण किया। वहीं, उनके सहयोगी टाइपिस्ट अमित कुमार ने प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और अलग-अलग स्थानों पर कई बार दुष्कर्म किया।
एफआईआर के मुताबिक, 2023 में पीड़िता इंटर्नशिप के लिए वकील अमित गिरी के पास पहुंची थी। उस दौरान वहां टाइपिस्ट अमित कुमार भी मौजूद था, जो वैशाली का निवासी है। पीड़िता का कहना है कि एक दिन सीनियर वकील ने हाई कोर्ट चलने की बात कहकर अपनी गाड़ी में मरीन ड्राइव ले गए और वहां गलत हरकतें कीं। पीड़िता ने जब यह पूरी घटना अपने माता-पिता और टाइपिस्ट अमित कुमार को बताई, तो उन लोगों ने उसे केस दर्ज कराने से रोक दिया। हालांकि, बाद में टाइपिस्ट अमित कुमार ने सीनियर एडवोकेट अमित गिरी का साथ छोड़ दिया। महिला वकील ने अपने बयान में बताया कि 2024 में टाइपिस्ट अमित कुमार ने पटना के राजापुर इलाके में किराए पर एक मकान लिया था, जहां वह अक्सर जाती थी। इसी दौरान, शादी का झांसा देकर उसे अपने कमरे में ले गया और दुष्कर्म किया। इसके अलावा, उसने होटल में भी कई बार यौन शोषण किया।
पीड़िता ने आगे कहा कि अमित कुमार ने नौकरी छोड़ने के बाद मुझसे आर्थिक मदद मांगी, जिसे मैंने दिया। लेकिन नौकरी लगने के बाद उसने दूरी बना ली और पैसे वापस मांगने पर धमकाने लगा। आरोपी ने पीड़िता की निजी तस्वीरें और वीडियो लीक करने की धमकी दी। महिला वकील ने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि अमित कुमार के पास मेरे नाम से रजिस्टर एक सिम कार्ड है, जिसका वह गलत इस्तेमाल कर सकता है और मुझे किसी झूठे केस में फंसा सकता है। इस मामले में पीड़िता शुक्रवार को भी श्रीकृष्णापुरी थाने पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने आवेदन लौटा दिया था। पुलिस का कहना था कि आवेदन में कुछ त्रुटियां थीं, जिसके कारण एफआईआर दर्ज नहीं की गई। हालांकि, अब इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
NEWSANP के लिए पटना से ब्यूरो रिपोर्ट
