रणधीर वर्मा चौक पर कांग्रेस नेताओं ने किया विरोध प्रदर्शन
धनबाद(DHANBAD): अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों पर सख्ती दिखाते हुए अमरीका के ट्रंप प्रशासन ने उन्हें वापस भारत अपने सैन्य विमान से भेजा है। जिसका बाकायदा वीडियो भी अमेरिकी बॉडर सिक्यूरिटी आर्मी द्वारा जारी किया था। सोशल मीडिया मे वीडियो वायरल होने के बाद से ही भारत के विभिन्न शहरों मे विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शुक्रवार को रणधीर वर्मा चौक के समीप जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने केंद्र सरकार की जमकर आलोचना करते हुए मोदी सरकार पर हमला बोला। धनबाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि जिस प्रकार अमेरिका द्वारा भारतीयों को हथकड़ी लगा कर अपने सैन्य विमान से भारत भेजने का काम किया है वह अपमान जनक बात है। अमेरिका के इस कृत्य से हर भारतीय अपमानित हुआ है।
बता दे कि बुधवार को 104 भारतीयों को लेकर अमेरिकी वायुसेना का सी-17 ग्लोबमास्टर विमान अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा। यह ट्रंप सरकार द्वारा भारतीयों को डिपोर्ट करने का पहला बड़ा कदम है।
अमेरिका से लौटे इन 104 प्रवासियों में पंजाब, हरियाणा,गुजरात, महाराष्ट्र, उतर प्रदेश के लोग शामिल हैं। डिपोर्ट किए गए लोगों में 19 महिलाएं और 13 नाबालिग भी शामिल हैं, जिनमें चार साल का एक लड़का और पांच व सात साल की दो लड़कियां शामिल हैं। अमेरिका द्वारा उठाए गए इस कदम से विपक्ष को एक बड़ा मुद्दा मिल चुका है। विपक्ष इस मुद्दे के जरिए केंद्र सरकार को घेरने का काम कर रही है।
NEWSANP के लिए धनबाद से सुन्नी शर्मा की रिपोर्ट

