धनबाद(DHANBAD): भारतीय संसद में प्रस्तुत 2025 के बजट को लेकर धनबाद के सांसद श्री ढुलू महतो ने इसे देश के समग्र विकास और नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का बजट है, जो भारतीय समाज के हर वर्ग के सपनों को पूरा करने की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार करेगा।
सांसद महतो ने बजट में उठाए गए कई महत्वपूर्ण कदमों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से यह उल्लेख किया कि इस बजट में युवाओं के लिए नए अवसर खोले गए हैं और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि बजट में जो इंफ्रास्ट्रक्चर, न्यूक्लियर एनर्जी, पर्यटन, और कृषि क्षेत्र में किए गए सुधार हैं, वे आने वाले समय में देश की अर्थव्यवस्था को गति देंगे और रोजगार के अवसर बढ़ाएंगे।
सांसद महतो ने इस बात को भी महत्वपूर्ण बताया कि 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स से मुक्त करने की घोषणा से मिडिल क्लास और नौकरी पेशा लोगों को बड़ा लाभ होगा। साथ ही, नई-नई नौकरियों और प्रोफेशन में आए लोगों को टैक्स में राहत मिलेगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
ढुलू महतो ने खासतौर पर किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए किए गए ऐतिहासिक निर्णयों का भी स्वागत किया। पीएम धन-धान्य कृषि योजना के तहत 100 जिलों में सिंचाई और इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की योजना को एक क्रांतिकारी कदम बताते हुए उन्होंने इसे किसानों के लिए नई उम्मीद का स्रोत बताया।
सांसद ने बजट में MSMEs, स्टार्टअप्स और उद्यमियों के लिए किए गए विशेष प्रावधानों का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह बजट भारतीय उत्पादों को वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बनाने और छोटे व्यवसायों को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
अंत में, महतो ने सभी देशवासियों को इस ऐतिहासिक और विकासात्मक बजट की बधाई दी और इसे देश के समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत कदम बताया। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी पूरी टीम को इस जनता के लिए ऐतिहासिक बजट प्रस्तुत करने के लिए धन्यवाद दिया।
धनबाद सांसद ढुलू महतो ने इसे एक विकास की नई दिशा बताया और आशा जताई कि यह बजट देश को एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत बनाने में सहायक होगा।
NEWSANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

