मुंबई(MUMBAI): टीवी शो ‘शिव शक्ति’ से मशहूर हुए एक्टर योगेश महाजन का निधन हो गया है. उन्होंने शो में गुरु शुक्राचार्य का रोल निभाया था. उन्होंने 19 जनवरी 2025 को अंतिम सांस ली. उनका दिल का दौरा पड़ने से निधन हुआ है.
योगेश महाजन ने मराठी फिल्मों में भी काम किया था. ‘मुंबईचे शहाणे’ और ‘समसाराची माया’ उनकी कुछ चर्चित मराठी फिल्में हैं. उन्होंने अपने टैलेंट के दम पर अपने लाखों फैंस बनाए. उनके अचानक निधन ने उनके परिवार, दोस्तों और फैंस सदमे में हैं. एक्टर के परिवार में उनकी पत्नी और सात साल का बेटा है, जिन्हें निजी जीवन में भारी नुकसान झेलना पड़ा है. एक्टर का अंतिम संस्कार 20 जनवरी 2025 को मुंबई के बोरीवली वेस्ट में प्रगति हाई स्कूल के पास गोरारी -2 श्मशान में होगा….
शूटिंग में नहीं पहुंचे थे एक्टर
योगेश महाजन को न केवल उनके यादगार प्रदर्शन के लिए बल्कि उनके हंसमुख और जिंदादिल शख्सियत के लिए याद किए जाएंगे. उनके निधन से मनोरंजन जगत में एक खालीपन आ गया है. टीवी शो ‘शिव शक्ति तप त्याग तांडव’ में अपनी भूमिका के लिए मशहूर एक्टर शूटिंग के लिए पहुंचे नहीं थे. उन्हें जब खोजते हुए उनके उमरगांव स्थित फ्लैट में पहुंचे, तो वे बेहोश पाए गए. उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, मगर वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया….
आकांक्षा रावत ने जताया दुख
एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री इस नुकसान से जूझ रही है. कोस्टार्स और फैंस ने उनके असामयिक निधन पर शोक जताया. कोस्टार आकांक्षा रावत ने अपना दुख जाहिर किया और उन्हें जिंदादिल इंसान बताया. एक्ट्रेस ने कहा, ‘हमने एक साल से ज्यादा समय तक साथ में काम किया था. यकीन नहीं कर पा रही कि वे अब हमारे बीच नहीं हैं.’ एक्टर 44 साल के थे…..
NEWSANP के लिए मुंबई से ब्यूरो रिपोर्ट

