दो दोस्तों के बीच ब्याज बनी दुश्मनी की वजह, बैंकॉक से लौटे युवक को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस…

दो दोस्तों के बीच ब्याज बनी दुश्मनी की वजह, बैंकॉक से लौटे युवक को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस…

गोरखपुर(GORAKHPUR): उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां के दक्षिणी ग्रामीण क्षेत्र में एक शख्‍स ने बैंकॉक से लौटे दोस्‍त को गोली मारी दी. दोनों गहरे दोस्‍त रहे हैं, वे सूद (ब्याज) पर रुपये देने का काम करते थे. उसी रुपये के लेन-देने के विवाद में शख्‍स के सिर पर खून सवार हो गया. फारच्‍यूनर कार से आए शख्‍स ने अपने अन्‍य दोस्‍तों के साथ मिलकर कार सवार बैंकॉक से लौटे दोस्‍त पर तमंचा से फायर कर दिया. उसके हाथ और पैर में कई जगह गोली लगी है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. पुलिस ने मुख्‍य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

गोरखपुर के गगहा थानाक्षेत्र के बड़गो चौराहा पर शुक्रवार 10 जनवरी की शाम कार सवार युवक को फारच्‍यूरन कार सवार कुछ युवकों ने घेर लिया. इसके बाद कार सवार युवक से आरोपियों का विवाद होने लगा. इसी बीच एक शख्‍स ने उस पर तमंचा से फायर कर दिया. गोरखपुर के गोला के रहने वाले अभिषेक उर्फ अक्‍कू पाठक को इलाज के लिए जिला चिकित्‍सालय भेजा. वहां से उसे बीआरडी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया. जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है.

पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और आरोपियों की तलाश में जुट गई. गगहा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की तलाश शुरू की. इसी बीच घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसके बाद त्‍वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोरखपुर के बड़हलगंज के सिधुआपार के रहने वाले मुख्‍य आरोपी सूरज पाण्‍डेय को अरेस्‍ट कर लिया. अन्‍य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है.

गोली लगने से घायल अभिषेक उर्फ अक्‍कू पाठक ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि सूरज पाण्डेय से उसकी पुरानी दोस्‍ती है. वो कुछ दिन पूर्व ही बैंकॉक से लौटा है. दोनों सूद पर पैसे देने का धंधा करते हैं. इसी रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच पूर्व में विवाद हुआ था. उसने पुलिस को बताया कि वो अपनी कार से जा रहा था, इसी दौरान सूरज पाण्‍डेय फारच्‍यूनर कार से आया और उससे विवाद करने लगा. वो अभी कार की ड्राइविंग सीट पर बैठा था, इसी दौरान अन्‍य साथियों के साथ आए सूरज पाण्‍डेय ने गोली चला दी, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया.

गोरखपुर के एसपी साउथ जितेन्‍द्र कुमार ने बताया कि, 10 जनवरी की शाम गगहा थानाक्षेत्र के बड़गो चौराहा पर गोला थानाक्षेत्र के रहने वाले अभिषेक पाठक उर्फ अक्‍कू नाम के शख्‍स को गोली मारकर घायल कर दिया गया था. युवक के हाथ और पैर में गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्‍पताल में भर्ती कराया गया. रुपये के विवाद में गोली चलने का मामला सामने आया है. आरोपी बड़हलगंज के सिधुआपार के रहने वाले सूरज पाण्‍डेय को गिरफ्तार कर लिया गया है. असलहा और खोखा बरामद कर लिया गया है. अन्‍य आरोपियों की तलाश की जा रही है……

NEWSANP के लिए गोरखपुर से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *