बाघमारा(BAGHMARA): धर्माबांध ओपी क्षेत्र के बाबूडीह में संचालित हिल टाप आउटसोर्सिंग कंपनी की चारदीवारी निर्माण के दौरान वर्चस्व स्थापित करने को लेकर गुरुवार को झामुमो समर्थक तथा आजसू समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़प, गोलीबारी, बमबाजी, आगजनी के दूसरे दिन शुक्रवार को कोयला प्रक्षेत्र के आइजी माइकल एस राज, डीआइजी सुरेंद्र झा, एस एसपी ह्रदीप पी जर्नादनन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों की टीम आउटसोर्सिंग कंपनी के चहारदीवारी निर्माण स्थल पर गई। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। चहारदीवारी के आसपास के जंगलों में सर्च अभियान चलाया। बम मिलने की जगह, जिस स्थल पर बाइकों में आग लगाई गई तगी सहित अन्य जगहों का निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ बम निरोधक दस्ता की टीम भी थी। घटनास्थल से पुलिस ने दर्जनों जिंदा बम, चार जिंदा कारतूस, कई खोखे बरामद की है। साथ ही पुलिस ने जंगल-झाड़ियों से जूता, टोपी सहित अन्य सामानों को जब्त किया है..
इधर प्रशासन ने हिल टाप आउटसोर्सिंग कंपनी तथा मधुबन थाना क्षेत्र के पांच सौ मीटर के परिधि में निषेधाज्ञा लगा दी है। प्रशासन ने आउटसोर्सिंग परिसर में किसी भी तरह के निर्माण कार्य पर भी रोक लगा दी है। पत्थरबाजी में जख्मी हुए बाघमारा एसडीपीओ पुरूषोत्तम कुमार सिंह को असर्फी अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए मिशन अस्पताल दुर्गापुर रेफर कर दिया गया है। चिकित्सकों के अनुसार भारी चीज से प्रहार के कारण एसडीपीओ के सिर की हड्डी टूटी है। खून भी जमा हो गया है। साथ ही जख्मी होने के बाद जमीन पर गिरने से उनके रीढ़ की हड्डी में भी चोटें आई है। गुरुवार को कोयला प्रक्षेत्र के आइजी माइकल एस राज, डीआइजी सुरेंद्र झा असर्फी अस्पताल पहुंचकर एसडीपीओ के स्वास्थ्य की जानकारी लिया था। इधर गुरुवार की देर रात जिले भर की पुलिस ने आशाकोठी खटाल में छापामारी अभियान चलाया..
NEWS ANP के लिए बाघमारा से सत्येन्द्र की रिपोर्ट

