देवघर(DEVGHAR): देश के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने देवघर स्थित बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की. वे दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को बेंगलुरु से देवघर पहुंचे हैं. देवघर में पूजा के बाद उनकी योजना दुमका स्थित बासुकीनाथ धाम में भी माथा टेकने की है. देवघर का बाबा बैद्यनाथ मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में एक है.
यहां देश-विदेश से श्रद्धालु पूजा आराधना के लिए पहुंचते हैं. बैद्यनाथ धाम में सालों भर भक्तो की भीड़ उमड़ती है. इसी कड़ी में आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने यहां माथा टेका. वे दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को देवघर पहुंचे हैं.देश के 11वें प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा दोपहर करीब 01 बजे बेंगलुरु-देवघर फ्लाइट से देवघर एयरपोर्ट उतरे. जहां देवघर के उपायुक्त विशाल सागर और पुलिस अधीक्षक अजित पीटर डूंगडूंग ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया. पूर्व प्रधानमंत्री एयरपोर्ट्स से सीधे पूजा आराधना के लिए मंदिर पहुंचे.
मंदिर में सरकारी तीर्थपुरोहित के द्वारा पूजा के लिए संकल्प कराया गया. फिर उन्हें मंदिर के गर्भगृह में शोडॉपउपचार विधि से पूजा अर्चना करायी गयी. पूर्व पीएम ने शिवलिंग के ऊपर दूध से अभिषेक कर बेलपत्र अर्पण किए. फिर प्रसाद में पेड़ा भी चढ़ाये.पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने देवघर के बाबा मंदिर में पहली बार पूजा अर्चना की. मंदिर में मौजूद अन्य श्रद्धालु उनकी एक झलक पाने को बेताब दिखे. वहीं, तीर्थपुरोहितों में भी उन्हें करीब से देखने की उत्सुकता दिखी.
NEWSANP के लिए देवघर से ब्यूरो रिपोर्ट

