झारखंड(JHARKHAND): न्यू ईयर के पहले दिन झारखंड में ठंड ने ठिठुराना शुरू कर दिया. पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के बाद पहाड़ों से आने वाली सर्द हवाओं की वजह से तापमान में भारी गिरावट आई और लोग ठिठुरने लगे. राजधानी रांची का तापमान एक दिन में करीब 5 डिग्री सेल्सियस गिर गया है. सोमवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के आसपास था, जो मंगलवार को गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ गया. अगले 2-3 दिन तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट का अनुमान है. पहाड़ों से चलने वाली ठंडी हवाओं का असर झारखंड में देखने को मिल रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान है कि नये साल में राजधानी का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से भी नीचे जा सकता है….
4 जनवरी तक साफ रहेगा झारखंड का मौसम
मौसम केंद्र रांची का पूर्वानुमान है कि 4 जनवरी तक झारखंड में मौसम साफ रहेगा. सुबह में धुंध तथा कोहरा छाया रह सकता है. 5 जनवरी 2025 से मौसम में एक बार फिर बदलाव हो सकता है. राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाये रह सकते हैं. आंशिक बादल का असर तापमान पर दिख सकता है. बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है. न्यूनतम तापमान बढ़कर 10 डिग्री सेंटीग्रेड से ऊपर जा सकता है…..
NEWSANP के लिए झारखंड से ब्यूरो रिपोर्ट

