राज्य का बजट कैसा हो, 15 जनवरी से मंथन करेंगे विशेषज्ञ; लोगों से भी राय लेगी सरकार….

राज्य का बजट कैसा हो, 15 जनवरी से मंथन करेंगे विशेषज्ञ; लोगों से भी राय लेगी सरकार….

रांची(RANCHI): वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट बनाने पर राज्य सरकार रेस हो गई है। 15 जनवरी से प्री-बजट मीटिंग शुरू होगी। यह दो चरण में होगा। इससे पूर्व राज्य सरकार ने आम लोगों से भी बजट को लेकर राय मांगने का फैसला किया है। अगले सप्ताह से पोर्टल हमीन कर बजट के माध्यम से आम लोगों से सुझाव मांगा जाएगा। प्री-बजट मीटिंग में विशेषज्ञ से भी राय ली जाएगी। उसके बाद आम लोगों के बजट व्यू को शामिल करने और उसके क्रियान्वयन को लेकर भी विशेषज्ञों से सलाह ली जाएगी। इस बार परंपरा से हटकर बजट बनाने पर भी विमर्श चल रहा है। बजट में नयापन हो, यह कोशिश भी है। विधानसभा में आगामी बजट मार्च के पहले सप्ताह में पेश किए जाने की तैयारी है। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर बजट पेश करेंगे। उनका यह पहला बजट होगा।….

सूत्रों का कहना है कि इस बार के बजट में विशेष योजनाओं को केंद्रित करने की संभावना है। किसानों, महिलाओं, युवाओं और अन्य महत्वपूर्ण सामाजिक वर्गों के लिए इस बार का बजट महत्वपूर्ण होगा। राज्य के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, जलवायु परिवर्तन, रोजगार और उद्योग के क्षेत्रों में सुधार लाने के लिए भी कई बातें होंगी। इसके अलावा राज्य में स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न वित्तीय सहायता, सब्सिडी और प्रोत्साहन योजनाओं के लिए भी बजट में बड़ा हिस्सा हो सकता है। राज्य स्कीम में इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाएगा कि राशि का व्यय ज्यादा से ज्यादा पूंजीगत निर्माण पर हो। उल्लेखनीय है कि चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 में करीब 1 लाख 29 हजार करोड़ रुपए का मूल बजट है। इसमें 79783 करोड़ रुपए का योजना बजट है। इसके अलावा राज्य सरकार ने दो अनुपूरक बजट भी विधानसभा से पारित कराया है।…

बजट प्रस्ताव में क्या होगा

बजट प्रस्ताव को मुख्यतः चार भागों में बांटा गया है। इसमें राजस्व प्राप्तियां, स्थापना व्यय, राज्य स्कीम को केंद्रीय सहायता, केंद्रीय योजनागत योजना और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के लिए केन्द्रांश एवं राज्यांश का प्रावधान रहेगा। विकास के लिए किए जाने वाले सभी व्यय सामान्य बजट में शामिल किए जाएंगे।……

क्या होगा प्री-बजट मीटिंग में

वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्री-बजट मीटिंग में समावेशी विकास से जुड़े विभागों के विशेषज्ञों के साथ मंत्रियों और अधिकारी मंथन करेंगे। स्वास्थ्य, स्कूली शिक्षा, श्रम नियोजन, ग्रामीण विकास, कल्याण, समाज कल्याण, वन, पर्यावरण तथा खाद्य आपूर्ति जैसे विभागों के बजट तैयारी पर चर्चा होगी।…..

बजट की तैयारी में जुटे अधिकारी : राज्य सरकार के अधिकारी बजट की तैयारी में तेजी से जुट गए हैं। प्री-बजट मीटिंग से पूर्व वित्त सचिव प्रशांत कुमार जनवरी माह के पहले सप्ताह से स्थापना खर्च बजट को लेकर विभागों के साथ समीक्षा बैठक शुरू करेंगे। अलग-अलग विभाग के साथ होने वाली यह बैठक लगभग एक सप्ताह चलेगी। योजना विभाग के प्रधान सचिव मस्तराम मीणा ने अगले वित्तीय वर्ष के लिए 7 जनवरी तक सभी विभागों को स्कीमों के लिए राज्य योजना आलेख भेजने को कहा है। आलेख आने के बाद विकास आयुक्त की अध्यक्षता में विभागीय प्रधानों की बैठक होगी।….

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *