धनबाद(DHANBAD): धनबाद स्कूल ऑफ़ नर्सिंग, असर्फी हेल्थ एजुसिटी, रंगुनी रोड, भूली, धनबाद द्वारा विश्व एड्स दिवस के पूर्व आज जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के लोगों को एचआईवी एड्स के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम की शुरुआत धनबाद स्कूल ऑफ़ नर्सिंग के निदेशक श्री गोपाल सिंह ने हरि झंडी दिखा कर किया..
उसके पश्चात धनबाद स्कूल ऑफ़ नर्सिंग के छात्र – छात्राओं ने असर्फी हॉस्पिटल से विनोद बिहारी चौक होते हुए वापस असर्फी हॉस्पिटल तक पैदल मार्च किया। पैदल मार्च के दौरान धनबाद स्कूल ऑफ़ नर्सिंग के छात्र – छात्राओं ने “खुद को शिक्षित और जागरूक बनाओ – एड्स की बीमारी से पुरे परिवार को बचाव, आओ मिलकर ये कसम खाएं – एड्स को हम सभी जड़ से मिटाए, एड्स दिवस पर है नारा – एड्स मुक्त हो विश्व सारा” जैसे स्लोगन के साथ अपने अपने हाथों में प्लेकार्ड और बैनर लिए हुए थे। पैदल मार्च के दौरान धनबाद स्कूल ऑफ़ नर्सिंग के छात्र – छात्राओं ने स्थानीय समुदाय के बिच एचआईवी एड्स जागरूकता अभियान के तहत विनोद बिहारी चौक एवं असर्फी हॉस्पिटल में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया, जिसमें उन्होंने एचआईवी एड्स के बारे में जानकारी साझा की और इसके परीक्षण, देखभाल एवं इलाज के तरीकों पर चर्चा की..
उन्होंने यह भी बताया कि समय पर परीक्षण और उचित इलाज से इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है और संक्रमित व्यक्ति एक सामान्य जीवन जी सकता है। छात्रों ने यह संदेश भी दिया कि समाज में एचआईवी एड्स को लेकर फैली भ्रांतियों और कलंक को समाप्त करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि संक्रमित व्यक्तियों को समाज में समान अधिकार मिल सकें और वे मानसिक शांति से अपना जीवन जी सकें।धनबाद स्कूल ऑफ नर्सिंग के निदेशक श्री गोपाल सिंह ने कहा कि, “इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियाँ स्वास्थ्य सेवाओं में छात्रों की भूमिका को और अधिक महत्वपूर्ण बनाती हैं। उन्होंने इस पहल को सराहा और उम्मीद जताई कि यह कदम समाज में एचआईवी एड्स के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण को बदलने में मदद करेगा..
“उन्होंने यह भी कहा कि 1 दिसंबर, 2024 को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) दुनिया भर में एड्स के खिलाफ लड़ाई को बढ़ावा देने के लिए भागीदारों और सामुदायों के साथ मिलकर विश्व एड्स दिवस मनाएगा। इस वर्ष का अभियान का थीम है: “सही रास्ता अपनाएँ: मेरा स्वास्थ्य, मेरा अधिकार!”।कार्यक्रम के अंत में, छात्र – छात्राओं ने समाज के लोगों से अपील की कि वे नियमित रूप से एचआईवी परीक्षण कराएं और यदि कोई व्यक्ति संक्रमित है, तो वे उसे उचित इलाज और देखभाल प्रदान करने में मदद करें..
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में धनबाद स्कूल ऑफ नर्सिंग के निदेशक गोपाल सिंह, असर्फी हॉस्पिटल के सीईओ हरेन्द्र सिंह, निदेशक – उदय प्रताप सिंह, धनबाद स्कूल ऑफ नर्सिंग के डीन अकादमीक – एसके सिन्हा, प्रधानाचार्या – मेरी ग्रेस, उप प्रधानाचर्या – उमा द्विवेदी के अलावा स्कूल प्रबंधन, नर्सिंग शिक्षक – शिक्षिका एवं छात्र – छात्राओं ने अहम् भागीदारी निभाई।यह कार्यक्रम समाज में एचआईवी एड्स के बारे में जागरूकता बढ़ाने और इससे संबंधित भ्रांतियों को दूर करने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रयास था..
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

