धनबाद(MAITHAN): बह्मर्षि सदाफल देव विहंगम योग संस्थान के उतराधिकारी संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज की 45 वें जन्मोत्सव पर सोमवार को पीडब्ल्यूडी कैंपस, गोविंदपुर में धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस सुअवसर पर विहंगम योग धनबाद जिला संत समाज द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि गोविंदपुर अंचल के सीओ धर्मेन्द्र कुमार दुबे ने “अ” अंकित श्वेत ध्वजा फहराकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर दुबे ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जो सम्पूर्ण मानव जाति के लिए जीवन प्रदायिनी सदकर्म है। कहा कि हमारे किए गए रक्तदान से कई लोगों की जिंदगी बचती है। रक्तदान का कितना महत्व है, इसका अहसास हमें तब होता है, जब हमारा कोई निकटतम व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा हाेता है। रक्तदान कर हम जहां एक ओर किसी की जान बचाते हैं, वहीं दूसरी ओर इससे जबर्दस्त आत्म संतुष्टि मिलती है। कई लोग रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों के कारण रक्तदान करने से कतराते हैं, जबकि इससे कोई हानि नहीं होती, बल्कि कई प्रकार लाभ होते हैं। इसलिए हम सभी को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि विहंगम योग संस्थान द्वारा रक्तदान शिविर लगाकर प्रेरणादायी कार्य किया गया है..
पीड़ितों की सेवा से बढ़कर कोई दूसरा कार्य नहीं हो सकता। वहींविहंगम योग संस्थान के पश्चिम बंगाल प्रभारी जीपी सिंह ने ब्रह्मविद्या विहंगम योग की महिमा व महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रक्तदान इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका किसी फैक्ट्री में निर्माण नहीं हो सकता। आकस्मिक रूप हुई दुर्घटना में घायल और गंभीर रूप से पीड़ितों का जीवन बचाने के लिए दान किया गया रक्त ही काम आता है। उन्होंने कहा कि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। नियमित अंतराल यानी तीन महीने बाद रक्तदान करते रहने से हमारे शरीर में आयरन की मात्रा संतुलित रहती है और रक्तदाता को हृदयाघात की संभावना नहीं रहती..
नियमित रक्तदान करने से कैंसर सहित अन्य बीमारियाें का खतरा भी कम हो जाता है।संत प्रवर के जन्मोत्सव पर पूरे विश्व में लाखों यूनिट ब्लड मानव सेवा में समर्पित होता है- पप्पू सिंहविहंगम योग संत समाज, धनबाद जिला के प्रधान संयोजक पप्पू सिंह ने कहा कि सुपूज्य संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज मानव के कल्याण व सेवा के लिए समर्पित हैं। उनके जन्मदिन पर हर वर्ष पूरे विश्व में हजारों स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है और लाखों यूनिट ब्लड संग्रह कर मानव सेवा के लिए समर्पित किया जाता है..
कहा कि विहंगम योग संस्थान एक अध्यात्मिक संस्थान होने के साथ साथ सामाजिक कार्य भी करता है। शिविर में एक तरफ भजन कीर्तन, प्रवचन चलता रहा और दूसरी ओर ब्लड डोनेशन कार्यक्रम-कार्यक्रम के शुरूआत में स्वागत गान एवं मंगल गान से हुई, फिर अतिथियों द्वारा अनंतश्री सदगुरु सदाफलदेव जी महाराज, सदगुरु धर्मचन्द्रदेव जी महाराज, सदगुरु स्वतंत्रदेव जी महाराज एवं संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज की तस्वीरों पर माल्यार्पण किया गया। शिविर में एक तरफ सत्संग, भजन, प्रवचन एवं संत प्रवर श्री विज्ञानदेव जी महाराज के जीवन पर चर्चा चलती रही, वहीं दूसरी ओर रक्तदान का कार्यक्रम चलता रहा। अंत में वंदना, आरती एवं शांति पाठ के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ..
शिविर में कुल 75 यूनिट रक्तदान किया गया। सभी रक्त को रेडक्रॉस सोसाइटी को सौंपा गया। रक्तदान शिविर सफल बनाने में रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यक्रम पदाधिकारी मो. अलाउद्दीन एवं उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मौके पर आशुतोष शेखर, डब्ल्यू सिंह, आरबी कुमार, आरडी शर्मा, संजीव सिंह, डॉ. रंजीत सिंह, डॉ. अनिल कुमार, दयाकांत, सती केशरी, हिमांशु शेखर सिंह, श्रीनाथ यादव, किशोरी गुप्ता, बिजेन्द्र सिंह, अरूण पाण्डेय, गुलाब सिंह, एमपी सिंह, मुन्ना बर्णवाल, मुकुंद राम, भरत सिंह, रवीन्द्र सिंह, बह्मदेव सिंह, ओपी सिंघम, अशोक महतो, सुरेन गोप, अंजू सिंह, रामलाल महतो, माणिक भंडारी, कोकिला गोराई, लालदेव महतो, सुखेन चटर्जी आदि उपस्थित थे..
NEWSANP धनबाद से के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

