विवाहिता की हुई मौत..मायके वालों ने जहर खिलाकर हत्या का लगाया आरोप…

विवाहिता की हुई मौत..मायके वालों ने जहर खिलाकर हत्या का लगाया आरोप…

धनबाद(DHANBAD): जहर से हीरापुर की महिला की मौत के बाद मंगलवार को अस्पताल पहुंचे मायके वालों ने हंगामा किया. हीरापुर के लिंडसे क्लब स्थित साहू गली की रहने वाली सुनीता देवी (21) को उसके पति पवन श्रीवास्तव ने सोमवार की रात गंभीर स्थिति में एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया था. इमरजेंसी में भर्ती कराने के कुछ मिनट में ही उसकी मौत हो गयी. सूचना पर अस्पताल पहुंचे मायके वालों से ससुराल पक्ष के लोगों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई. मौके पर मौजूद सरायढेला पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को शांत करवाया. इस मामले में सुनीता के पिता बबलू बाउरी ने दामाद समेत ससुराल के अन्य लोगों पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए सरायढेला पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया है.

विवाह के बाद से होता था विवाद :

बरवाअड्डा के बिराजपुर खंडेरी निवासी पिता बबलू बाउरी ने पुलिस को दिये अपने फर्द बयान में बताया कि 2022 में उनकी बेटी का विवाह हीरापुर के लिंडसे क्लब स्थित साहू गली के रहने वाले पवन श्रीवास्तव से हुई. शादी के बाद एक पुत्र हुआ. उनके बीच हमेशा विवाद होता रहता था. इस बीच पवन उनकी बेटी और एक साल के पोते को लेकर कुछ दिनों पहले बिराजपुर पहुंचा था. बाद में बेटी को छोड़ बच्चे को लेकर वह जबरन धनबाद आ गया. उन्होंने इसकी शिकायत बरवाअड्डा थाने में की. बाद में पुलिस और पंचायती के बाद वह बेटी को लेकर धनबाद अपने घर आ गया. सोमवार की रात पवन ने अपने साढू़ और उनके बड़े दामाद को फोन कर सुनीता की तबीयत खराब होने की बात बतायी. यह भी बताया कि सुनीता को एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया है. रात में ही वे अस्पताल पहुंचे. देखा कि बेटी के नाक से खून व मुंह से झाग निकल रहा है. पवन श्रीवास्तव समेत ससुराल के लोगों ने उनकी बेटी को जहर देकर हत्या कर दी.

NEWSANP के लिए धनबाद से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *