ओएसडी और नौकर के घर से भारी भरकम कैश बरामद होने के मामले में ईडी ने की कार्रवाई, 7 घंटे पूछताछ के बाद झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम गिरफ्तार

रांची(RANCHI): झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से पहले ईडी ने बुधवार को 7 घंटे की पूछताछ की। उनके पीएस के नौकर के घर पिछले दिनों 30 करोड़ रुपए कैश मिले थे। मामला टेंडर कमीशन घोटाले का है। इससे पहले ईडी के अधिकारियों ने मंगलवार को भी उनसे 9 घंटे पूछताछ की थी।

ईडी ने उन्हें आज फिर पूछताछ के लिए बुलाया था। जांच एजेंसी की ओर से उन्हें पूछताछ के लिए 12 मई को नोटिस भेजा था।


आलमगीर आलम झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। वह पाकुड़ विधानसभा से चार बार विधायक रह चुके हैं। फिलहाल झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस की गठबंधन वाली झारखंड सरकार में संसदीय कार्य और ग्रामीण विकास मंत्री हैं। 2006 से 2009 तक झारखंड विधानसभा के स्पीकर भी रह चुके हैं।

आलमगीर आलम राजनीतिक परिवार से आते हैं, उन्हें विरासत में ही राजनीति मिली है। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत सरपंच के चुनाव को जीतकर की थी। वह 2000 में पहली बार विधानसभा के लिए चुने गए। तब से लेकर अब तक वह चार बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं।

संजीव ने भी दी कई महत्वपूर्ण जानकारियां


प्रवर्तन निदेशालय की रिमांड में चल रहे मंत्री आलमगीर आलम के पीए संजीव लाल ने भी जांच एजेंसी को कई जानकारियां दी हैं। मंगलवार को मंत्री आलमगीर आलम के साथ उनके पीए संजीव लाल से भी पूछताछ की गई। संजीव लाल से पिछले 7 दिनों से पूछताछ चल रही है।

इस पूछताछ के दौरान संजीव ने इस बात का स्वीकार किया है कि जो रुपए उनके और उनके सहायक के यहां से बरामद हुए हैं वह सभी पैसे टेंडर कमीशन के हैं। यह भी बताया है कि टेंडर कमीशन के नाम पर किन-किन लोगों से रुपए लिए गए।
ईडी को इस बात की जानकारी मिल गई है कि टेंडर कमीशन के नेक्सस में कौन-कौन लोग शामिल थे। यह भी पता चला है कि ग्रामीण विकास विभाग में ऊपर से नीचे तक के अधिकारियों के बीच कमीशन की राशि का बंटवारा होता था।

वीरेंद्र राम की गिरफ्तारी के बाद से ही जांच के दायरे में थे मंत्री

ग्रामीण कार्य विभाग के पूर्व मुख्य अभियंता वीरेंद्र राम की गिरफ्तारी के बाद से ही मंत्री आलमगीर आलम ईडी की जांच के दायरे में थे। ईडी ने उनसे पूछताछ की तैयारी कर रही थी। वीरेंद्र राम को ईडी ने 23 फरवरी 2023 को गिरफ्तार किया था।

NEWS ANP के लिए रांची से V SIngh की रिपोर्ट..

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *