6 सुपर सहित 21 जोन में रायट कंट्रोल गियर व वाटर कैनन के साथ रहेंगे वरीय पुलिस पदाधिकारी…

6 सुपर सहित 21 जोन में रायट कंट्रोल गियर व वाटर कैनन के साथ रहेंगे वरीय पुलिस पदाधिकारी…

बूथ से लेकर रिसीविंग सेंटर तक सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध – एसएसपी

बैलेट पेपर पर सही तरीके से मुहर लगाने का अनुरोध

24 फरवरी के प्रातः 7:00 बजे तक ड्राई डे

कंट्रोल रूम का नंबर 0326 – 231180 रहेगा कार्यरत

सूचना मिलने पर मात्र 5 मिनट में पहुंचेगी पुलिस

धनबाद(DHANBAD): नगर निकाय चुनाव में सभी 1019 बूथ पर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से मतदान संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। धनबाद नगर निगम एवं चिरकुंडा नगर परिषद को 6 सुपर जोन में बांटा गया है। हर जोन में एक-एक डीएसपी के साथ 25 पुलिस पदाधिकारी राइट कंट्रोल गियर व वाटर कैनन के साथ मौजूद रहेंगे। इसके अलावा बूथ से लेकर रिसीविंग सेंटर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। साथ ही जिले को 15 जोन में बांटा गया है। हर जोन में एक-एक पुलिस इंस्पेक्टर के साथ 10 पुलिस पदाधिकारी मतदान आरंभ होने से लेकर चुनाव सामग्री के रिसीविंग सेंटर पहुंचने तक भ्रमणशील रहेंगे। वहीं अति संवेदनशील बूथों पर चार-चार पुलिस पदाधिकारी, सेंसिटिव बूथ पर तीन एवं सामान्य बूथ पर दो पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

उपरोक्त जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में मीडिया को दी।

उपायुक्त ने धनबाद नगर निगम के 899841 एवं चिरकुंडा नगर परिषद के 36976 मतदाताओं को निर्भीक होकर 23 फरवरी 2026 को अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। बताया कि धनबाद नगर निगम के महापौर के लिए 29, 55 वार्ड पार्षद के लिए 447, चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष के लिए 13 एवं 21 वार्ड पार्षद के लिए 83 सहित 572 अभ्यर्थी निर्वाचन लड़ रहे हैं।

उपायुक्त ने कहा कि 22 फरवरी 2026 को मेगा स्पोर्ट्स कंपलेक्स से चुनाव सामग्री विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए डिस्पैच की जाएगी। वहीं 23 फरवरी 2026 को सुबह 7:00 बजे से संध्या 5:00 बजे तक मतदान की प्रक्रिया चलेगी। संध्या 5:00 बजे तक जितने वोटर लाइन में खड़े होंगे उन्हें टोकन दिया जाएगा और वे मतदान कर सकेंगे।

उपायुक्त ने बताया कि 1019 बूथ पर सुचारू रूप से मतदान संपन्न करने के लिए 6000 से अधिक मतदान कर्मी शामिल रहेंगे। चुनाव में लगभग 350 बड़े एवं 300 छोटे वाहनों का प्रयोग किया जाएगा। इसके अलावा झरिया में 128, धनबाद में 18 व रिजर्व 23 सहित 228 माइक्रो आब्जर्वर व 65 सेक्टर मजिस्ट्रेट चुनाव को शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराएंगे।

उपायुक्त ने बताया कि इस बार चुनाव में बैलट पेपर का प्रयोग हो रहा है। धनबाद नगर निगम के मेयर एवं चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष के लिए गुलाबी तथा वार्ड पार्षदों के लिए सफेद बैलेट पेपर का प्रयोग हो रहा है।

उपायुक्त ने मतदाताओं को सही तरीके से बैलेट पेपर पर मुहर लगाकर प्रत्याशी का चयन करने का अनुरोध किया है। बताया कि जिस प्रत्याशी को वोट कर रहे हैं उसके सामने बने कॉलम में मुहर लगाएं। मुहर लगाने के कुछ सेकेंड बाद मत पत्र को जैसे बताया गया है वैसे फोल्ड करके मत पेटी में डालें। सही प्रकार से वोट करने पर उसके अमान्य होने की संभावना शून्य होगी।

उपायुक्त ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लगने के बाद उत्पाद विभाग ने 1241.40 लीटर शराब जब्त की है। जिसका मूल्य 2,11,415 रुपए है। इसके अलावा कोई गंभीर शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। वहीं एमसीसी उल्लंघन करने की 42 शिकायत दर्ज हुई, जिसमें सभी का निराकरण कर दिया है एवं दो शिकायत के निराकरण की प्रक्रिया जारी है। वहीं चुनावी प्रक्रिया के दौरान कंट्रोल रूम कार्यरत रहेगा। कोई भी आम नागरिक कंट्रोल रूम के नंबर 0326 – 231180 पर फोन कर अपनी समस्या बता सकते हैं। इसके अलावा 24 फरवरी 2026 के प्रातः 7:00 तक पूरे जिले में ड्राई डे घोषित किया गया है।

उपायुक्त ने बताया कि वोटिंग करने के लिए मतदाता भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता पहचान पत्र, फोटो युक्त मतदाता पर्ची, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य या केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, स्थानीय निकाय या पब्लिक लिमिटेड कंपनी द्वारा उनके कर्मचारियों के लिए जारी फोटो युक्त पहचान पत्र, बैंक या डाकघर द्वारा जारी किए गए फोटो युक्त पासबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर, मनरेगा के तहत जारी फोटो युक्त जॉब कार्ड, फोटो युक्त स्वास्थ्य बीमा योजना या स्मार्ट कार्ड एवं फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज का प्रयोग कर वोट दे सकते हैं।

पत्रकार वार्ता के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि मतदान के दिन बूथ से लेकर रिसीविंग सेंटर तक सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। चुनाव के दिन सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस पदाधिकारी के साथ चिरकुंडा, झरिया, धनबाद व कतरास क्षेत्र में सभी संसाधनों से लैस 4 क्विक रिस्पांस टीम वॉटर कैनन के साथ रहेगी।

इसके अलावा जिले के वरीय पदाधिकारी भी लगातार भ्रमणशील रहेंगे। उनके साथ भी अलग से क्विक रिस्पांस टीम रहेगी। कहीं से भी किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर मात्र 5 मिनट में पुलिस उक्त स्थल पर पहुंच जाएगी।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला नयंत्रण कक्ष के साथ-साथ कातरास, झरिया एवं चिरकुंडा में भी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। कहीं भी कोई घटना होने पर आमजन कंट्रोल रूम को सूचना दे सकते हैं। बताया कि शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करने के लिए 4000 से अधिक पुलिस पदाधिकारी क्षेत्र में रहेंगे। वहीं आज संध्या 5:00 के बाद प्रचार समाप्त होने के बाद पुलिस का सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखे हुए हैं।

इसके अलावा सभी थाना प्रभारी स्वयं संबंधित पुलिस इंस्पेक्टर एवं पुलिस उपाधीक्षक के साथ फ्लैग मार्च करेंगे और क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे। वहीं 23 फरवरी, मतदान के दिन सुबह 6:00 से मतदान सामग्री के रिसीविंग सेंटर पहुंचने तक अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहेंगे। उन्होंने बताया कि सुचारू मतदान संपन्न कराने के लिए 23 ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं।

पत्रकार वार्ता के संपन्न होने से पूर्व उपायुक्त आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने जिले के सभी वोटरों को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। विशेष कर फर्स्ट टाइम वोटर, युवा वोटर एवं शहरी क्षेत्र के वोटरों को लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने हिस्सेदारी निभाने की अपील की।

पत्रकार वार्ता में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) मुकेश कुमार बाउरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह के अलावा बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद थे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *