धनबाद(DHANBAD): कोर्ट परिसर के समीप रास्ता और पार्किंग की मांग को लेकर अधिवक्ताओं की हड़ताल मंगलवार को छठे दिन भी जारी रही। लगातार विरोध और आंदोलन के बीच जिला प्रशासन ने मंगलवार से 6 फीट रास्ता देने को लेकर काम शुरू कर दिया है।
मौके पर नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम पहुंची, जहां जेसीबी मशीन की मदद से कोर्ट परिसर के पास बनी नमस्कार जेरॉक्स दुकान को आंशिक रूप से हटाकर रास्ता बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई। हालांकि प्रशासन की ओर से काम शुरू किए जाने के बावजूद अधिवक्ता इससे संतुष्ट नजर नहीं आए।
बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं का कहना है कि जिला प्रशासन ने पहले 16 फीट चौड़ा रास्ता देने का आश्वासन दिया था। साथ ही कोर्ट परिसर में आने वाले अधिवक्ताओं और वादकारियों के लिए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात भी कही गई थी, लेकिन अब तक इन मांगों पर अमल नहीं हुआ है।
अधिवक्ताओं का स्पष्ट कहना है कि केवल 6 फीट का रास्ता उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कर सकता। इसी कारण हड़ताल फिलहाल जारी रखी गई है।
बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बताया कि वे आपस में बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे। रणनीति तय होने के बाद आंदोलन को लेकर अगला कदम उठाया जाएगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट
