राजस्थान कांग्रेस के 30 नेता BJP में शामिल, गहलोत के करीबी समेत कई पूर्व मंत्रियों ने छोड़ी पार्टी

राजस्थान(RAJSTHAN):आगामी लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की राजस्थान इकाई को करारा झटका देते हुए राज्य की पूर्व सरकार में मंत्री रहे राजेंद्र यादव और लाल चंद कटारिया सहित कई नेता भाजपा में शामिल हो गये।

लोकसभा चुनाव से पहले राजस्थान कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है। रविवार को राजस्थान कांग्रेस के 30 नेता बीजेपी में शामिल हो गए। लालचंद कटारिया के साथ गहलोत के करीबी राजेंद्र यादव, पूर्व सांसद खिलाड़ी लाल बैरवा, रिछपाल मिर्धा और विजयपाल मिर्धा बीजेपी में शामिल हो गए हैं। जयपुर में भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने इन नेताओं का पार्टी में स्वागत किया।

बता दें कि भाजपा का दामन थामने वाले लाल चंद कटारिया और राजेंद्र यादव अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली पूर्व कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे थे। कटारिया, पूर्व संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री भी रहे थे।

कटारिया बोले- अंतरात्मा से आई आवाज

भाजपा में शामिल होने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए लाल चंद कटारिया ने कहा कि वह अपनी अंतरात्मा की आवाज पर भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों, गरीबों और आम आदमी के दुख-दर्द को समझती है। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ही थे, जिन्होंने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) के मुद्दे को सुलझाने का काम किया। 

NEWS ANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट….

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *