रांची (RANCHI): झामुमो प्रत्याशियों की सूची रविवार को जारी नहीं हो सकी। वजह, राजद के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर जारी विवाद रहा। झामुमो अपनी एक भी सीट छोड़ने को तैयार नहीं है। सोमवार को समझौते का अंतिम प्रयास होगा। बात चन ही जाएगी, ऐसा कहा नहीं जा सकता। झामुमो 24 विधायकों को रिपीट करेगा। बहरागोड़ा और पोटका की सीट पर संशय है। इंचागढ़ की विधायक सविता महतो की जगह उनकी बेटी स्नेहा महतो और स्टीफन मरांडी की बेटी को भी टिकट दिया जा सकता है। पार्टी ने अपने कई प्रत्याशियों को बिना नाम घोषित किए ही सिंबल थाम दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को गढ़वा से प्रत्याशी मिथिलेश ठाकुर और भवनाथपुर के उम्मीदवार अनंत प्रताप देव के नामांकन में शामिल होंगे। वे वहां चुनावी सभा को भी संबोधित करेंगे। वहीं, कल्पना सोरेन चक्रधरपुर में सुखराम उरांव के नामांकन में शामिल होगी। बता दें कि 2019 के चुनाव में झामुमो के 30 विधायक जीते थे। नलिन सोरेन सांसद बन गए। चंपाई सोरेन, लोबिन हेम्ब्रम और सीता सोरेन ने भाजपा का दामन थाम लिया। इन सीटों पर नए नाम होंगे। को प्रत्याशियों की पहली सूची सोमवार को जारी होगी।…
सात सीट मिली तो साथ नहीं
‘इंडिया’ में सीटों को ले और कांग्रेस के साथ राजद का तकरार रविवार को अल्टीमेटम झामुमो तक पहुंच गया। राजद सांसद मनोज झा ने साफ कहा कि हमें कम से कम 12 सीटें चाहिए। सोमवार को दिन के 11 बजे राजद अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर देगा। उस समय तक पार्टी, कांग्रेस और झामुमो के फैसले का इंतजार करेगी। राजद गढ़वा की सीट गिरिनाथ सिंह के लिए चाहता है, अनंत प्रताप देव सोमवार को यहां से नामांकन करेंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी गढ़वा जाएंगे। इंडिया गठबंधन के बीच उत्पन्न विवाद को सुलझाने के लिए बिहार में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, सांसद मनोज झा और प्रदेश राजद प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव रविवार को रांची में ठहर गए। इन नेताओं को टिकट बंटवारे के विवाद को सुलझाने के बाद आज पटना लौट जाना था। अब राजद के ये वरिष्ठ नेता अपने प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह सौंप कर सोमवार को पटना लौटेंगे। 2019 के चुनाव में राजद को चतरा, बरकट्ठा, हुसैनाबाद, छतरपुर, कोडरमा, देवघर और गोड्डा सीट मिली थी। इस बार वह बरकट्ठा नहीं लेना चाहता। इसके अलावा विश्रामपुर, मनिका, लातेहार, जमुआ और पांकी भी चाहता है। 12 सीटों को पर समझौता नहीं हुआ तो राजद 22 सीटों पर भी प्रत्याशी खड़ा करने की धमकी दे रहा है..
कांग्रेस… 6 सीटों पर जिच, जारी नहीं हुई सूची
एआईसीसी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए जो स्क्रीनिंग कमेटी बनाई थी। उसने राज्यभर का दौरा कर जमीनी हकीकत पता करके उम्मीदवारों के नामों की अपनी सूची तैयार की है। जबकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भी राज्य का दौरा करके विधायक दल के नेता डॉ. रामेश्वर उरांव के साथ मिलकर अलग सूची बनाई है। जब स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई, तो दोनों सूची सामने रखी गई। इनमें कुछ नाम तो कॉमन थे। जिन पर कोई विवाद नहीं हुआ, लेकिन कुछ ऐसे नाम हैं, जिन पर विरोधाभास दिखा। कई उम्मीदवारों के विरुद्ध शिकायतें थीं। इस कारण सूची को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका। जिन विधानसभा क्षेत्रों की सूची को लेकर विरोधाभास था, उनमें हटिया, रांची, सिमडेगा, धनबाद, बोकारो व बरही शामिल हैं..
वाम दल… माले से बन सकती है बात
इंडिया में वामदलों को भी सीटों को लेकर नाराजगी है। गठबंधनके प्रमुख घटक दल कांग्रेस और झामुमो, वाम दलों को तीन से चार सीट देने को तैयार हैं। वैसे माले छह सीटें मांग रहा है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का 15 सीटों पर दावा है। लेकिन इंडिया माले को ही तीन से चार सीट देने पर सहमत है..
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

