आसनसोल(WEST BENGAL):आसनसोल के कुलटी विधानसभा क्षेत्र से एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। तृणमूल कांग्रेस ने 2026 के विधानसभा चुनाव में 15 साल तक विधायक रहे वरिष्ठ नेता उज्वल चटर्जी का टिकट काटकर उनकी जगह आसनसोल नगर निगम के उप मेयर और राज्य के मंत्री मलय घटक के भाई अभिजीत घटक को उम्मीदवार बनाया है।
इस फैसले के बाद पार्टी के अंदर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। एक ओर जहां कुछ कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है, वहीं दूसरी ओर कई समर्थकों में निराशा भी देखी जा रही है।
इसी बीच पूर्व विधायक उज्वल चटर्जी चुनाव प्रचार के दौरान मीडिया के सामने भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “मेरा खेल खत्म हो गया है, अब पार्टी जो आदेश देगी, मैं उसका पालन करूंगा।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे कुलटी की जनता के बीच जाकर तृणमूल उम्मीदवार अभिजीत घटक के समर्थन में वोट मांगेंगे और अपने समर्थकों से भी ऐसा करने की अपील करेंगे।
आपको बता दें कि उज्वल चटर्जी कुलटी से तीन बार विधायक रह चुके हैं और दो बार ADDA (आसनसोल दुर्गापुर डेवलपमेंट अथॉरिटी) के चेयरमैन भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे तृणमूल के राज्य उपाध्यक्ष पद पर भी हैं। हालांकि, 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा उम्मीदवार डॉ. अजय पोद्दार से हार का सामना करना पड़ा था, जिसके पीछे पार्टी के अंदर गुटबाजी को एक बड़ा कारण माना गया था।
अब 2026 के चुनाव में टिकट कटने के बाद राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे अभिजीत घटक के सामने जहां खुद को साबित करने की चुनौती है, वहीं पार्टी के लिए कुलटी सीट को बरकरार रखना भी बड़ी जिम्मेदारी बन गई है।
फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके की राजनीति को गरमा दिया है और आने वाले दिनों में इसके और असर देखने को मिल सकते हैं।
NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

