
धनबाद(DHANBAD): सिंह मेंशन स्थित आवास पर आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जामा खान ने धनबाद के नव नियुक्त महापौर संजीव सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की।
मंत्री जामा खान ने मेयर संजीव सिंह को हाल ही में हुए नगर निगम चुनाव में जीत की बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास जीतना बड़ी जिम्मेदारी है और उन्हें उम्मीद है कि संजीव सिंह धनबाद के विकास को नई दिशा देंगे।
होली मिलन समारोह के अवसर पर दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान समर्थकों और स्थानीय नागरिकों की भीड़ मौजूद रही।
मेयर संजीव सिंह ने मंत्री जामा खान के आगमन पर उनका आभार जताते हुए कहा कि यह उनके लिए सम्मान की बात है कि विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधि धनबाद आकर शुभकामनाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे धनबाद की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
समारोह सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और उपस्थित लोगों ने आपसी भाईचारे एवं एकता का संदेश दिया।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

