होमगार्ड बहाली में बड़ी कार्रवाई: 620 आवेदन रद्द, सबसे अधिक बाघमारा के अभ्यर्थी प्रभावित…

होमगार्ड बहाली में बड़ी कार्रवाई: 620 आवेदन रद्द, सबसे अधिक बाघमारा के अभ्यर्थी प्रभावित…

धनबाद(DHANBAD): जिले में चल रही होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों की जांच में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। प्रशासन द्वारा की गई सघन जांच के बाद कुल 620 अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द कर दिए गए हैं। जांच में पाया गया कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज जमा नहीं किए थे या गलत जानकारी दी थी। विशेष रूप से आवासीय प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करने के कारण सबसे अधिक आवेदन अमान्य घोषित किए गए।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई अभ्यर्थियों ने दूसरे जिले के आवासीय प्रमाण पत्र के आधार पर आवेदन किया था, जबकि कुछ आवेदनों में पहचान पत्र संलग्न नहीं किया गया था या गलत पहचान पत्र लगाया गया था। नियमों के अनुरूप दस्तावेज नहीं मिलने के कारण ऐसे सभी आवेदनों को निरस्त कर दिया गया।

प्रखंडवार रद्द आवेदनों की बात करें तो बाघमारा प्रखंड से सबसे अधिक 150 आवेदन खारिज किए गए हैं। इसके अलावा बलियापुर के 63, धनबाद के 61, एग्यारकुंड के 56, गोविंदपुर के 97, केलियासोल के 40, निरसा के 21, पूर्वी टुंडी के 32, तोपचांची के 67 और टुंडी प्रखंड के 33 आवेदन रद्द किए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दस्तावेजों की जांच पूरी सख्ती के साथ की जा रही है।

गौरतलब है कि जिले में होमगार्ड बहाली के तहत लिखित और शारीरिक परीक्षा 6 अप्रैल से 22 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी। इस भर्ती को लेकर युवाओं में काफी उत्साह है और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *