रांची(RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा,होटवार से एक वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इस वीडियो में शराब घोटाले के आरोपी विधु गुप्ता और जीएसटी घोटाले के आरोपी विक्की भलोटिया जेल के अंदर डांस करते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचना दी। जेल आइजी ने जांच के आदेश दिये और रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने पर सहायक जेलर देवनाथ राम और जमादार विनोद कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, यह वीडियो कुछ माह पुराना बताया जा रहा है और जेल के उस विशेष हॉल का है जहां कुछ कैदियों को टीवी, कूलर, और अन्य सुविधाएं दी जाती हैं। वीडियो में दोनों आरोपी मस्ती करते और नाचते दिख रहे हैं।
कौन हैं वीडियो में दिख रहे आरोपी
विधु गुप्ता, जो प्रिज्म होलोग्राफी कंपनी के एमडी हैं, पर झारखंड और छत्तीसगढ़ में नकली होलोग्राम की सप्लाई का आरोप है। उसने दोनों राज्यों के कुछ अधिकारियों को करीब 90 करोड़ रुपये कमीशन देने की बात भी स्वीकार की थी। एसीबी ने उसे शराब घोटाले में गिरफ्तार किया था, हालांकि वर्तमान में वह जमानत पर बाहर है।
वहीं, विक्की भलोटिया, जो जुगसलाई (जमशेदपुर) का रहने वाला है, को ईडी (Enforcement Directorate) ने ₹14,325 करोड़ के जीएसटी घोटाले और फॉरेस्ट लैंड डील में अनियमितताओं के मामले में गिरफ्तार किया था।
प्रशासन सख्त, आगे और कार्रवाई संभव
इस घटना ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल मुख्यालय ने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
जेल आइजी ने कहा कि जेल अनुशासन भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

