हैकथॉन 2025 का दूसरा दिन: नवाचार चरम पर…

हैकथॉन 2025 का दूसरा दिन: नवाचार चरम पर…

सिंदरी(SINDRI):बीआईटी सिंदरी में आयोजित HACKATRON 2025 के दूसरे दिन प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और कौशल का प्रदर्शन करते हुए तकनीकी चुनौतियों का समाधान खोजने का प्रयास किया। ‘Hack the Future’ थीम के अंतर्गत आयोजित इस 36 घंटे के कोडिंग मैराथन में प्रतिभागियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI/ML), ब्लॉकचेन और वेब एवं एंड्रॉइड डेवलपमेंट पर केंद्रित परियोजनाओं पर काम किया। आयोजन स्थल पर नवाचार और सहयोग का माहौल पूरी तरह से विद्यमान रहा।

कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक एवं कुलपति, झारखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (JUT), डॉ. डी. के. सिंह और कार्यक्रम के संरक्षक एवं बीआईटी सिंदरी के निदेशक, डॉ. पंकज राय ने प्रतिभागियों को प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में नवाचार और समस्या समाधान का महत्व अत्यधिक बढ़ गया है। उन्होंने प्रतिभागियों को ‘Hack the Future’ की थीम के अंतर्गत नए और उन्नत समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित किया। सीडीसी के अध्यक्ष, घनश्याम सर ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और छात्रों के कौशल विकास के लिए उद्योगों के साथ साझेदारी के महत्व पर जोर दिया।

इस कार्यक्रम का नेतृत्व कंप्यूटर साइंस और आईटी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं संयोजक डॉ. एस. सी. दत्ता ने किया, जिनके समर्पण ने इस हैकथॉन को सफल बनाया। सह-संयोजक और सूचना तकनीकी विभाग के सहायक प्रोफेसर एवं HnCC के प्रभारी प्रो. मोहम्मद अकरम खान ने आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।

निर्णायक दल में सम्मिलित विशेषज्ञ संतोष घोष, डीआईओ, जामताड़ा, सालेहा खान, वरिष्ठ सॉफ्टवेयर विश्लेषक, एक्सेंचर, डॉ. दिनेश प्रभाकर, सहायक प्रोफेसर, एनआईएएमटी, रांची, प्रो. एस. सी. दत्ता, विभागाध्यक्ष, सीएसई एवं आईटी, बीआईटी सिंदरी – ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
इस दौरान, बीआईटी सिंदरी के फैकल्टी – मोहम्मद अकरम खान, विकास कुमार सिंह, विजय बेसरा, सचिन अग्रवाल, जितेंद्र कुमार, खुसतार अंसारी और मुकेश चंद्रा ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने तकनीकी रूप से टीमों को दिशा प्रदान की और उनके विचारों को प्रभावी समाधान में ढालने में सहायता की।
कार्यशालाओं, मेंटरशिप सेशन्स और चेकपॉइंट्स के माध्यम से प्रतिभागी विचारधारा से कार्यान्वयन तक अपने प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाते रहे। जैसे-जैसे समय समाप्त होने के करीब आया, अंतिम प्रदर्शन के प्रति उत्सुकता बढ़ती गई।

HACKATRON 2025 को सफल बनाने में प्रायोजकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। BITSA इंटरनेशनल, CCL, MAYA Data Privacy, Devtown, अमूल, TechNix इंडिया, Devfolio, ETHIndia और GeekRoom ने इस आयोजन को सहयोग प्रदान कर नवाचार को बढ़ावा दिया और एक समृद्ध तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में अपना योगदान दिया।

NEWSANP के लिए सिंदरी से भोला बाउरी की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *