बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अविलंब इस्तीफा देने की मांग की।
धनबाद(DHANBAD):झारखंड विधानसभा परिसर में बजट सत्र के आखिरी दिन “हेमंत सोरेन गद्दी छोड़ो” के नारों से गूंज उठा। बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अविलंब इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि “अबुआ सरकार” में अपराधी बेलगाम हो गए हैं और उनका मनोबल सातवें आसमान पर है। कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमरा चुकी है।
बीते दिन बुधवार को राजधानी रांची में भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाईगर की अपराधियों द्वारा निर्मम हत्या कर दिए गई। हत्याकांड के विरोध में झारखंड विधानसभा परिसर में भाजपा विधायक दल के नेता माननीय बाबूलाल मरांडी जी एवं सभी भाजपा विधायकों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान “अनिल टाईगर के हत्यारों को फांसी दो”, “हेमंत सोरेन गद्दी छोड़ो”, “हेमंत सोरेन हाय-हाय” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। भाजपा विधायकों ने झारखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
इस मौके पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कड़े शब्दों में सरकार की नाकामी को उजागर किया और कहा कि झारखंड में लगातार हत्याओं का सिलसिला जारी है। कभी एनटीपीसी के अधिकारी, कभी आदिवासी भाई, और अब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की दिन-दहाड़े हत्या हो रही है। यह घटना झारखंड सरकार की कानून-व्यवस्था की विफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार अपराधियों को चिन्हित कर अविलंब फांसी की सजा नहीं देती तो भाजपा विधायक सड़क से सदन तक उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
महतो ने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए। अगर सरकार अपराध नियंत्रण में असफल रहती है, तो भाजपा सड़कों पर उतरकर जनांदोलन छेड़ने से पीछे नहीं हटेगी। हम झारखण्ड को बंगाल नहीं बनने देंगे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

