हिमाचल बस हादसे में 15 की मौत, 2 घायल, एक लापता, मरने वालों में 4 एक ही परिवार के लोग…

हिमाचल बस हादसे में 15 की मौत, 2 घायल, एक लापता, मरने वालों में 4 एक ही परिवार के लोग…

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के भल्लू में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल है। हादसे के समय बस में 18 यात्री सवार थे और यह मरोतन से घुमारवीं जा रही थी। जिस समय हादसा हुआ उस वक्त इस क्षेत्र में सोमवार से रुक-रुककर बारिश हो रही थी। जानकारी के अनुसार,अब तक मलबे से 15 शव बरामद किए गए हैं और दो बच्चों को बचाकर अस्पताल भेजा गया है। वहीं एक बच्चा लापता बताया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य जारी है।

बचाव कार्य में लगे एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा बस पर गिर पड़ा और यात्रियों के बचने की संभावना बहुत कम है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने अधिकारियों को बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इस हादसे में जान गंवाने वालों में चार लोग एक ही परिवार से है। इनमें अंजना पत्नी विपिन कुमार, उनके दो बच्चे सात साल का नक्श और चार साल का आरव शामिल है। इसके अलावा विपिन के भाई राजकुमार की धर्मपत्नी कमलेश कुमारी की मौत हो गई। यह सभी मंगलवार सुबह ही घर से कैंची मोड़ स्थित अपने रिश्तेदार के यहां गए थे। रिश्तेदारी में एक समारोह था। वहां समारोह में शरीक होकर वापस आ रहे थे।

राष्ट्रपति मुर्मू, गृह मंत्री शाह और जेपी नड्डा ने जताया दुख
इस दुखद हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।


अमित शाह ने क्या लिखा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भूस्खलन के कारण हुए बस हादसे से मन अत्यंत दुखी है। एनडीआरएफ की टीमें घटना घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं और बचाव कार्य में लगी हैं। इस हादसे में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।


जेपी नड्डा ने सीएम से ली जानकारी

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने लिखा कि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता क्षेत्र में हुए भीषण भूस्खलन में एक बस के चपेट में आने से कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू से दुर्घटना स्थल पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल व भाजपा कार्यकर्ताओं को पीड़ितों की तत्काल सहायता में लगाने का अनुरोध किया और बिलासपुर एम्स प्रशासन को त्वरित उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जेपी नड्डा ने पोस्ट में आगे लिखा, “शोक संतप्त परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं एवं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में आत्मबल प्रदान करें।”

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *