जामताड़ा(JAMTADA ):प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “हर घर स्वदेशी, हर दिल देसी ” अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री बबीता झा ने सोमवार को जामताड़ा शहर के नामों पड़ा मोहल्ला में पहुंचकर स्थानीय महिलाओं के बीच जनजागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के प्रयोग, आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को प्रेरित किया.
कार्यक्रम के दौरान बबीता झा ने महिलाओं के साथ मिलकर देसी मिट्टी के दीये जलाए और उन्हें दीपावली पर विदेशी लाइटों या प्लास्टिक के सजावटी सामानों की जगह देसी दीयों का इस्तेमाल करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि “हर घर स्वदेशी, हर दिल देसी ” केवल एक नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सशक्त कदम है.
उन्होंने उपस्थित महिलाओं को समझाया कि जब हम अपने घर में स्वदेशी सामानो का उपयोग करते हैं, तो न सिर्फ पर्यावरण की रक्षा होती है बल्कि हमारे देश के कारीगरों, मिट्टी के शिल्पकारों और ग्रामीण महिलाओं की आजीविका भी मजबूत होती है. उन्होंने कहा कि देसी दीये हमारे संस्कृति और परंपरा के प्रतीक हैं, और इनका उपयोग करना भारतीय संस्कृति को जीवित रखने का काम है
बबीता झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाया गया यह अभियान देश की आत्मा से जुड़ा हुआ है.उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार कर देसी उत्पादों को प्राथमिकता दें. उन्होंने कहा कि भारत का हर नागरिक यदि स्वदेशी उत्पाद अपनाने का संकल्प ले ले, तो यह देश की आर्थिक उन्नति में बड़ा योगदान साबित होगा.
इस अवसर पर महिलाओं ने भी अपने विचार रखे. उन्होंने बताया कि इस तरह के अभियान से समाज में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और अब अधिकतर घरों में लोग मिट्टी के दीये खरीदने लगे हैं. कुछ महिलाओं ने कहा कि वे स्वयं भी इस दीपावली पर अपने हाथों से मिट्टी के दीये बनाएंगी और आस-पास की दुकानों में बेचेगीं ताकि स्वावलंबन की दिशा में कदम बढ़ा सकें.
मौके पर अनीता बाउरी, साधना बाउरी, तारा बाउरी, संजू बाउरी, रेखा बाउरी, मोनिका बाउरी, तुपुला बाउरी, सविता बाउरी आदि लोग उपस्थित थे।
NEWSANP के लिए शिवपूजन सिंह की रिपोर्ट

