हजारीबाग(HAZARIBAGH): हजारीबाग जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ये कार्रवाई कटकमदाग, लोहसिंघना और इचाक थाना क्षेत्रों में की गई, जहां से ब्राउन शुगर और गांजा भारी मात्रा में बरामद किया गया.हजारीबाग एएसपी अमित कुमार ने बताया कि कटकमदाग थाना क्षेत्र के सुल्ताना गांव में डीपू के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना पर छापेमारी की गई. पुलिस बल को देखते ही कुछ आरोपी भागने लगे लेकिन पीछा कर उनको पकड़ लिया गया. पूछताछ में नशीले पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने पर आगे की कार्रवाई करते हुए कई और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.कटकमदाग थाना क्षेत्र से लगभग 111.72 ग्राम ब्राउन शुगर, 17,160 रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल, 1 स्कॉर्पियो वाहन तथा नशीले पदार्थ तौलने की मशीनें बरामद की गईं. लोहसिंघना थाना क्षेत्र से करीब 17 ग्राम ब्राउन शुगर, लगभग 2 किलोग्राम गांजा और 47 हजार रुपये नकद बरामद हुए. वहीं इचाक थाना क्षेत्र से भी ब्राउन शुगर और मोटरसाइकिल जब्त की गई. सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Posted inHazaribagh
हजारीबाग:नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 14 आरोपी गिरफ्तार…

