नई दिल्ली(NEW DELHI): राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सोमवार को देशभर में स्वामी विवेकानंद की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय व राज्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु
राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि स्वामी विवेकानंद दूरदर्शी और महान आध्यात्मिक प्रतीक थे। उन्होंने सिखाया कि आंतरिक शक्ति और मानवता की सेवा ही सार्थक जीवन की नींव है। राष्ट्रपति ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत की शाश्वत ज्ञान परंपरा को विश्व पटल पर स्थापित किया और भारतीयों में राष्ट्रीय गौरव की भावना जगाई। उनकी शिक्षाएं आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “भारतीय युवाशक्ति के सशक्त प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद को उनकी जयंती पर मेरी आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व विकसित भारत के संकल्प को निरंतर नई ऊर्जा देता है।” उन्होंने कामना की कि राष्ट्रीय युवा दिवस देशवासियों, विशेषकर युवाओं में नई शक्ति और आत्मविश्वास का संचार करे।
गृह मंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए देशवासियों को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय ज्ञान, दर्शन और अध्यात्म को युवाओं से जोड़कर विश्व मंच तक पहुंचाया। रामकृष्ण मिशन के माध्यम से उन्होंने समाज सेवा के आदर्श भी स्थापित किए। शाह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार युवाओं में कर्तव्यबोध और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत कर विकसित भारत के निर्माण को गति दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद को राष्ट्रप्रेरक युवा संन्यासी बताते हुए उन्हें कोटिशः नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारतीय ज्ञान परंपरा के ध्वजवाहक थे, जिन्होंने विश्व मंच पर सनातन संस्कृति को प्रतिष्ठित किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में अपनाकर राष्ट्र सेवा और समाज उत्थान के संकल्प को और मजबूत करें।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

