
राष्ट्रीय प्रदूषण नियंत्रण दिवस पर मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा की पोस्टर प्रतियोगिता सम्पन्न

झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा राष्ट्रीय प्रदूषण नियंत्रण दिवस के अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन मनीष कोचिंग सेंटर, शास्त्री नगर (पश्चिम), धनबाद में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रदूषण मुक्त पृथ्वी विषय पर आधारित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, संवेदनशीलता और पर्यावरणीय जागरूकता को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के संचालन और संपूर्ण व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी कार्यक्रम संयोजक श्रीमती पूनम भुसानिया ने अत्यंत कुशलता से निभाई।
प्रतियोगिता के परिणाम निम्नानुसार रहे—
प्रथम स्थान : भवि जैन
द्वितीय स्थान : प्रीति खेरिया
तृतीय स्थान : नैनी मित्तल
निर्णायक की भूमिका झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय उपाध्यक्ष नरेश केजरीवाल ने निभाई। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा— “स्वच्छ सोच से ही स्वच्छ समाज का निर्माण संभव है। नई पीढ़ी की यह जागरूकता प्रदूषणमुक्त पृथ्वी के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाती है।”
कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, कोषाध्यक्ष किरण शर्मा, संयुक्त सचिव सनी अग्रवाल, तथा मयंक केजरीवाल भी उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
आगामी कार्यक्रम में तीनों विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों के मनोबल को और बढ़ावा मिलेगा।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा उन्हें रचनात्मक अभिव्यक्ति का उपयुक्त मंच प्रदान करना था। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सहभागिता और उत्साह कार्यक्रम की सफलता का प्रतीक बना।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

