सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात…

सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात…

द्विपक्षीय सहयोग, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास पर हुई चर्चा

नई दिल्ली(NEW DELHI): सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने सोमवार को हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत–सेशेल्स के मैत्रीपूर्ण संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर द्विपक्षीय सहयोग, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की।

राजघाट पहुंचकर दी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले राष्ट्रपति हर्मिनी राजघाट पहुंचे, जहाँ उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शांति, अहिंसा और सत्य का गांधीजी का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भी हुई भेंट
राष्ट्रपति हर्मिनी ने सोमवार सुबह विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भी मुलाकात की। बातचीत में समुद्री पड़ोसी देशों के रूप में क्षेत्रीय आर्थिक समृद्धि और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए “विजन महासागर” पहल को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इससे पहले, रविवार को राष्ट्रपति हर्मिनी ने मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी। बैठक में बंदरगाह आधारित विकास, तटीय प्रबंधन और महाराष्ट्र–सेशेल्स सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

पांच दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आए हैं राष्ट्रपति हर्मिनी
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी पांच दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आए हैं। यह पदभार ग्रहण करने के बाद उनकी पहली भारत यात्रा है, जो दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है।
अपनी यात्रा के दौरान वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *