रांची(Ranchi) : झारखंड की राजधानी रांची के अनगड़ा में हुंडरू फॉल के समीप सेल्फी लेने के दौरान स्वर्णरेखा नदी में डूबने से पश्चिम बंगाल के एक युवक की मौत हो गयी.
पश्चिमी मेदिनीपुर का रहने वाला था छात्र अनिमेष दास
एक अन्य की जान बच गयी. मृत युवक की पहचान पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मेदिनीपुर जिला के सबंग थाना क्षेत्र के नारायण बाड़ निवासी अनिमेष दास (18) के रूप में हुई है. वह 12वीं का छात्र था.
2 बसों से हुंडरू फॉल घूमने आए थे 78 विद्यार्थी
आइडियल कोचिंग सेंटर के 78 विद्यार्थी व शिक्षक दो बसों से रांची के अनगड़ा प्रखंड स्थित हुंडरू फॉल घूमने आये थे. शिक्षक गौतम कुमार मान्ना ने बताया कि अनिमेष दास व सुधांशु प्रधान पांच-छह सहपाठियों के साथ हुंडरू फॉल से ऊपर स्वर्णरेखा नदी में नहाने गये थे.
पत्थर की ओट में फंसे युवक की बच गई जान
इसी दौरान दोनों युवकों का पैर फिसला और वे नदी में जा गिरे. साथियों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे असफल रहे. सुधांशु प्रधान किसी प्रकार पत्थर की ओट में फंस गया, जिससे उसकी जान बच गयी. अनिमेष दास गहरे पानी में डूब गया.
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

