धनबाद(DHANBAD): धनबाद नगर निगम चुनाव के दौरान सूसनीलेवा नाग नगर में उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब बूथ संख्या 58, 59, 13 और 14 पर दो पार्षद प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी धक्का-मुक्की में बदल गई। स्थिति को बिगड़ता देख ग्रामीणों ने हस्तक्षेप किया और माहौल को शांत कराया।
बताया जा रहा है कि वार्ड पार्षद प्रत्याशी शिल्पी कुमारी के प्रतिनिधि को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। आरोप है कि मतदान केंद्र के पास अनावश्यक भीड़ और हस्तक्षेप की कोशिश की जा रही थी, जिससे ग्रामीण भड़क गए। इसी दौरान ग्रामीणों ने प्रतिनिधि को दौड़ाकर पीटा और धक्का देकर बाहर निकाल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी रह सके।
ग्रामीण ने कहा कि हम लोग शांतिपूर्वक मतदान करना चाहते हैं। कोई भी व्यक्ति माहौल खराब करने की कोशिश करेगा तो उसका विरोध किया जाएगा।
हालांकि घटना के बाद कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई, लेकिन प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई। फिलहाल इलाके में शांति है और पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

