धनबाद(DHANBAD): नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद धनबाद नगर निगम एवं चिरकुंडा नगर परिषद के 1019 बूथ से सभी मतपेटिका राजकीय पॉलिटेक्निक स्थित रिसीविंग सेंटर पहुंची। रिसीविंग सेंटर पर सभी औपचारिकता पूरी कर उसे स्ट्रांग रूम में निर्धारित स्थान पर रखने की प्रक्रिया शुरू हुई।
मतपेटिका को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखने के लिए धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 1 से 5, 6 से 10, 11 से 15, 16 से 20, 21 से 25, 26 से 30, 31 से 35, 36 से 40, 41 से 45, 46 से 50 एवं 51 से वार्ड संख्या 55 तथा चिरकुंडा नगर परिषद के वार्ड संख्या 1 से 21 के लिए अलग-अलग रूम चिह्नित किए गए थे।
सभी मतपेटिका को निर्धारित रूम में रखने के बाद उसे जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, महापौर पद के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार तथा धनबाद नगर निगम के महापौर व चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष एवं वार्ड परिषद के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सील कर दिया गया। सुबह लगभग 3:30 बजे अंतिम स्ट्रांग रूम को सील किया गया।
मतगणना की तिथि तक स्ट्रांग रूम थ्री लेयर सिक्योरिटी में रहेगा। इनर लेयर सिक्योरिटी में झारखंड आर्म्ड पुलिस तथा अन्य दो लेयर में जिला पुलिस बल को तैनात किया गया हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

