धनबाद(DHANBAD): आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो गुरुवार को धनबाद पहुंचे, जहां उन्होंने पांडरपाला में आयोजित पार्टी के एक मिलन समारोह में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
मिलन समारोह में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला। सुदेश महतो ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि आजसू पार्टी हमेशा से जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है और आने वाले समय में संगठन को और मजबूत किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत के दौरान सुदेश महतो ने नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब झामुमो और कांग्रेस को चुनाव लड़ना ही था और मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री, सांसद और विधायक तक को चुनाव प्रचार में लगना ही था, तो फिर नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर ही कराए जाने चाहिए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव को गैर-दलीय बताकर भ्रम की स्थिति पैदा की है, जबकि जमीनी स्तर पर राजनीतिक दल खुलकर सक्रिय हैं।
कार्यक्रम में पार्टी के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। धनबाद में आजसू की सक्रियता को आगामी चुनावी रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

