
धनबाद(DHANBAD):रक्षा बंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में आज दिनांक 07 अगस्त 2025 को केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ.) की 154 बटालियन के प्रधानखंता, धनबाद स्थित मुख्यालय परिसर में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अशर्फी नर्सिंग कॉलेज, धनबाद एवं डी.ए.वी. स्कूल, सिंदरी की छात्राओं ने बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर राखी बाँधकर उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट की। इन छात्राओं ने देश सेवा में समर्पित जवानों को राखी बाँधते हुए उनके त्याग, साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए आभार व्यक्त किया। छात्राओं की इस भावनात्मक पहल से जवानों में उत्साह का संचार हुआ और वे राष्ट्र सेवा के अपने संकल्प को और दृढ़ता से निभाने हेतु प्रेरित हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए 154 बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी ने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक ही नहीं, बल्कि यह पर्व राष्ट्रीय एकता, सद्भावना, मानवता और राष्ट्र के प्रति प्रेम का संदेश भी देता है। यह पर्व हमारे सांस्कृतिक मूल्यों की गरिमा को दर्शाता है, जिसमें भाई अपनी बहन को जीवनभर रक्षा का वचन देता है।
इस कार्यक्रम में कमांडेंट महोदय के साथ-साथ द्वितीय कमान अधिकारी अभिनव आनंद, उप कमांडेंट अमित कुमार झा, उप कमांडेंट भास्कर भट्टाचार्य, सूबेदार मेजर मदन मोहन उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी एवं जवानगण उपस्थित रहे।
NEWSANP के लिए धनबाद से रागिनी पांडे की रिपोर्ट

