नई दिल्ली(NEW DELHI):भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को शपथ ग्रहण की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। संसद भवन परिसर में हुए इस गरिमामय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए।
धनखड़ के लिए भी यह क्षण खास रहा क्योंकि इस्तीफे के बाद यह उनका पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से 21 जुलाई को पद छोड़ा था। हालांकि, राधाकृष्णन की जीत पर वह पहले ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शुभकामनाएं दे चुके थे।
चुनाव परिणाम की बात करें तो सीपी राधाकृष्णन ने विपक्ष के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को हराया। इस मुकाबले में राधाकृष्णन को 452 वोट मिले, जबकि रेड्डी को 300 मत प्राप्त हुए। इस बड़ी जीत के साथ राधाकृष्णन ने संसद के उच्च सदन में अपनी मजबूत शुरुआत दर्ज कराई है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

