धनबाद (DHANBAD): झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कथित सनातन विरोधी एवं आपत्तिजनक बयान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। हाल ही में दिए गए अपने बयान में मुख्यमंत्री ने सरस्वती पूजा, लक्ष्मी पूजा और विश्वकर्मा पूजा जैसे पारंपरिक पर्वों को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा था कि भारत में पूजा अधिक होती है, लेकिन प्रतिभा, बुद्धिमत्ता और समृद्धि अन्य देशों में देखने को मिलती है। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में प्रतिक्रिया तेज हो गई है और कई लोगों ने इसे आस्था पर चोट बताया है।
इस मुद्दे पर धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति, आस्था और परंपराएं विश्वभर में सम्मानित हैं और इन्हीं मूल्यों के आधार पर देश “विश्व गुरु” बनने की दिशा में अग्रसर है। ऐसे में इस प्रकार का बयान न केवल करोड़ों सनातनियों की भावनाओं को आहत करता है, बल्कि देश की गरिमा को भी ठेस पहुंचाता है।
राज सिन्हा ने आगे कहा कि झारखंड जैसे सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राज्य के मुख्यमंत्री को इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी से बचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री अपनी सोच में बदलाव नहीं करते हैं, तो जनता लोकतांत्रिक तरीके से उन्हें इसका जवाब देने के लिए तैयार है। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि वह इस प्रकार के किसी भी सनातन विरोधी या राष्ट्र विरोधी विचारों का पुरजोर विरोध करती रहेगी।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट
