
धनबाद(DHANBAD): कोयलांचल का चर्चित सिंह मेंशन एक बार फिर रंगों और उत्साह से सराबोर दिखा। साढ़े आठ वर्षों के लंबे अंतराल के बाद यहां भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह और झरिया की भाजपा विधायक रागिनी सिंह की ओर से किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में समर्थक, शुभचिंतक और क्षेत्रवासी शामिल हुए।
सिंह मेंशन परिसर सुबह से ही उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक फगुआ गीतों की धुन पर समर्थक झूमते रहे। लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। पूरा माहौल सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और उल्लास से भरा रहा।

झरिया विधायक रागिनी सिंह ने महिला मंडली के साथ पारंपरिक अंदाज में होली खेली। उन्होंने महिलाओं के साथ फगुआ गीत गाए और रंग-गुलाल लगाकर सभी को शुभकामनाएं दीं। वहीं मेयर संजीव सिंह समर्थकों के बीच पहुंचे और सभी के साथ रंगों का त्योहार मनाया। समर्थकों ने उन्हें गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी और मेयर बनने की खुशी में जमकर जश्न मनाया।
संजीव सिंह के जेल से बाईज्जत बाहर आने के बाद यह पहला अवसर है जब पूरे परिवार और समर्थकों के साथ सिंह मेंशन में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। हाल ही में नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर उनकी जीत से समर्थकों में दोहरी खुशी देखने को मिली। इसी उत्साह के साथ लोगों ने होली को खास बना दिया।

इस अवसर पर मेयर संजीव सिंह ने कहा कि होली आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का पर्व है। उन्होंने कहा कि वे धनबाद की जनता के साथ मिलकर होली मना रहे हैं और शहर की उन्नति, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना करते हैं। उन्होंने सभी नगरवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

वहीं विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि यह होली मिलन समारोह उनके परिवार और समर्थकों के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि साढ़े आठ वर्षों के बाद पूरा परिवार एक साथ इस खुशी को मना रहा है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद का जिक्र करते हुए कहा कि ईश्वर की कृपा से सब कुछ शुभ हुआ है। उन्होंने सभी से हर्षोल्लास और शांति के साथ होली मनाने की अपील की।

समारोह के दौरान समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रंग, गुलाल और लोकगीतों के बीच सिंह मेंशन एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा। कुल मिलाकर यह होली मिलन समारोह लंबे समय बाद आयोजित एक ऐतिहासिक और यादगार आयोजन के रूप में देखा गया।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

