धनबाद(SINDRI): रविवार को सिंदरी गुरुद्वारा साहिब में दसवें पातशाह धन-धन श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का 359वां प्रकाश पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा परिसर “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों से गूंज उठा।
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में दिनांक 2 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को सुबह 9 बजे अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात 4 जनवरी 2026 (रविवार) को सुबह 8 बजे अखंड पाठ का भोग संपन्न हुआ। भोग के बाद निशान साहिब की सेवा स० गुरलाल सिंह के परिवार द्वारा श्रद्धापूर्वक की गई।
इसके उपरांत गुरुद्वारा साहिब में विशेष दीवान का आयोजन किया गया, जिसमें पंथ के हजूरी रागी जत्था भाई बिक्रम सिंह जी (तख्त श्री हरिमंदिर जी, पटना साहिब) द्वारा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक गुरबाणी कीर्तन किया गया। मधुर वाणी और गुरबाणी के कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया गया।
इस अवसर पर गुरु का अटूट लंगर व प्रसाद वितरण किया गया, जिसे हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया। पूरा वातावरण गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन, त्याग, शौर्य और खालसा पंथ की मर्यादा की स्मृति से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित एवं सम्मिलित प्रमुख नामों में प्रधान जसप्रीत सिंह रेनो भाई बिक्रम सिंह, इंद्रजीत सिंह, अजय सिंह (तख्त पटना साहिब के मुख्य हजूरी रागी जत्था), कमलजीत सिंह सलूजा, प्रितपाल सिंह, हरविंदर सिंह सलूजा, भूपेंद्र सिंह सलूजा, हरिंदर सिंह, गुरचरण सिंह, मनजीत सिंह, लखजीत सिंह, विक्रम सिंह, बलबीर सिंह नागी, समृद्धि नागी, रीत कौर, जसपाल कौर, हरभजन कौर सहित बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।
अंत में गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी द्वारा सभी श्रद्धालुओं, सेवादारों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया और गुरु महाराज के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

