सिंदरी(SINDRI): बलियापुर थाने के अंतर्गत एफसीआईएल आवास नंबर आरएमएल /24 में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने घर के तालों को तोड़कर लाखों रुपए के कैश और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मकान मालिक राहुल सिंह 31 मार्च को आवास बंद कर अपने पैतृक निवास सहरसा गए हुए थे। 2 अप्रैल को पड़ोसियों ने घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ पाया। इसकी सूचना तुरंत राहुल सिंह के ससुर और हर्ल गेट के समीप स्थित होटल संचालक मुरारी सिंह को दी गई। उन्होंने दामाद के आवास पर पहुंच कर देखा कि घर के सभी ताले टूटे हैं और अलमारी का ताला भी तोड़ा गया है। घटना की जानकारी मौके पर पहुंचे वार्ड 55 के पार्षद साहेब राम हेंब्रम द्वारा बलियापुर थाना पुलिस को दूरभाष पर दी गई। सूचना पर बलियापुर थाना से ए एस आई फाल्गुनी महतो पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। परिजनों के अनुसार घर में करीब 3 वर्ष पहले शादी का कार्यक्रम हुआ था, जिसके कारण घर में जेवरात रखे हुए थें। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक परिजनों द्वारा लाखों रुपए के कैश और आभूषण की चोरी हुई है हालांकि सही आकलन मकान मालिक राहुल सिंह के वापस लौटने के बाद ही हो सकेगा। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पीड़ित पक्ष द्वारा लिखित शिकायत दिए जाने के बाद ही विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि रांगामाटी का क्षेत्र बलियापुर थाने अंतर्गत आता है, जो लगभग थाने से 8 से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए पुलिस से मांगी गई सहायता थाने से दूरी होने के कारण विलंब में पहुंचती है। इसलिए रांगामाटी स्थित बंद पड़े पुलिस टी. ओ. पी. को पुनः संचालित किया जाए।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

