धनबाद(DHANBAD):आज दिनांक 10 अगस्त 2025 को गुरु नानक कॉलेज, धनबाद के एस. जे. एस. ग्रेवाल सभागार में डिपार्टमेंट ऑफ क्रिएटिविटी द्वारा सावन महोत्सव के अवसर पर ‘तियां दा मेला’ शीर्षक से एक मनमोहक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा मधुर सबद गायन से हुई, जिसने वातावरण को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंग में रंग दिया।
इसके उपरांत महाविद्यालय के अध्यक्ष सरदार आर. एस. चहल ने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। मंच पर सरदार मंझा साहब द्वारा प्रस्तुत मिर्ज़ा गीत ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। महाविद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं ने पारंपरिक कजरी नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसके बाद “दियां दा सत्कार करो, पुत्रा वांगू प्यार करो” गीत का भावपूर्ण चित्रांकन प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम की एक विशेष झलक रही डिपार्टमेंट ऑफ क्रिएटिविटी के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत टप्पे नृत्य, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाते हुए शमी नृत्य की रंगारंग प्रस्तुति ने सभागार में ऊर्जा भर दी। महाविद्यालय की शिक्षिका सुश्री सिमरन छाबड़ा द्वारा एकल नृत्य का मोहक प्रदर्शन हुआ, जिसके बाद निरवैर खालसा गतका ग्रुप ने अद्भुत कौशल के साथ गतका कला का प्रदर्शन कर सभी को रोमांचित कर दिया।
कार्यक्रम का समापन पारंपरिक तरीजान नृत्य की जीवंत प्रस्तुति के साथ हुआ। धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय के सचिव सरदार दिलजोन सिंह ग्रेवाल ने किया, जिन्होंने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सभी आगंतुकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
पूरे कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन साधना सूद जी ने किया, जबकि संपूर्ण आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रंजना दास के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मियों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

