झारखंड(JHARKHAND) : झरनों की कलकल, पत्तों की सरसराहट के बीच फिर बारूद की बू ने जंगल का चैन छीन लिया। पश्चिमी सिंहभूम के जराईकेला थाना क्षेत्र के राधापोडा जंगल में नक्सलियों ने IED बम छुपा कर बिछा रखा था। जैसे ही सुरक्षाबल की टीम जंगल में घुसी, IED ब्लास्ट की आग ने दो जवानों को जख्मी कर दिया। धमाका तेज था, दर्द और धुएं से जंगल भर गया। घायल कोबरा 203 बटालियन के हेड कांस्टेबल विष्णु सैनी और झारखंड जगुआर के कांस्टेबल सुनील धान को एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया। लेकिन इस दौरान जवान सुनील धान ने दम तोड़ दिया। शहीद जवान खूंटी के रहनेवाले थे। सूत्रों के अनुसार, माओवादियों के बड़े चेहरे मिसिर बेसरा, अनमोल, असीम मंडल, चंदन लोहार जैसे शीर्ष नेता अपने दस्तों के साथ सारंडा के सीने में छुपे बैठे हैं। इन्हीं को पकड़ने ये जांबाज निकले थे। ठीक इसी जगह पहले भी विस्फोट हो चुका है। लगातार सक्रिय माओवादी इधर IED से जानलेवा जाल बिछा रहे हैं। जवाबी कार्रवाई के लिये अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।
NEWSANP के लिए झारखंड से ब्यूरो रिपोर्ट

