धनबाद से वैष्णो देवी, दिल्ली, वेल्लोर और बैंगलोर के लिए रेल सेवाएं शुरू करने का किया आग्रह
धनबाद(DHANBAD): धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो ने संसद में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। सांसद महतो ने विशेष रूप से चार प्रमुख मार्गों पर रेल सेवाओं की शुरुआत की मांग की और क्षेत्र की रेल सेवाओं को सुधारने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि धनबाद के नागरिकों को बेहतर यात्री रेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए..
1. धनबाद से वैष्णो देवी:
महतो ने कहा कि वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए, धनबाद से वैष्णो देवी के लिए एक सीधी रेल सेवा शुरू की जानी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिले और उन्हें लंबी दूरी की यात्रा से बचने का अवसर मिले..
2. धनबाद से वेल्लोर:
सांसद ने इलाज के लिए जाने वाले मरीजों के लिए धनबाद से वेल्लोर तक रेल सेवा शुरू करने की मांग की है, जिससे मरीजों को अस्पताल जाने में कोई परेशानी न हो और वे आसानी से यात्रा कर सकें..
3. धनबाद से बैंगलोर और हैदराबाद:
महतो ने छात्रों और कामकाजी लोगों को ध्यान में रखते हुए, धनबाद से बैंगलोर और हैदराबाद के लिए रेल सेवा की आवश्यकता जताई है, ताकि लोग इन प्रमुख शहरों तक आसानी से यात्रा कर सकें..
4. धनबाद से दिल्ली:
सांसद महतो ने दिल्ली के लिए एक रेल सेवा शुरू करने का आग्रह किया है, जिससे धनबाद और आसपास के क्षेत्र के लोग सीधे देश की राजधानी से जुड़ सकें और उनके कामकाजी जीवन में सुगमता आए।इसके अतिरिक्त, महतो ने यह भी बताया कि झारखंड राज्य से सबसे अधिक रेल राजस्व धनबाद से प्राप्त होता है, क्योंकि यहां से सैंकड़ों मालवाहक ट्रेनें रोजाना निकलती हैं। हालांकि, सवारी रेल सेवाएं बहुत कम हैं, जिससे आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। महतो ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय इन मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा और क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सेवाएं प्रदान की जाएंगी। यह कदम न केवल धनबाद क्षेत्र बल्कि पूरे झारखंड राज्य के नागरिकों के लिए लाभकारी होगा..
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

