सांसद ढुलू महतो की पहल रंग लाई: लिलोरी रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ…

सांसद ढुलू महतो की पहल रंग लाई: लिलोरी रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ…

लोकसभा में नियम-377 के तहत उठाए गए मुद्दे पर रेल मंत्रालय की पुष्टि, NHAI द्वारा जीएडी (GAD) तैयार करने का कार्य प्रगति पर

धनबाद(DHANBAD): धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो द्वारा लोकसभा में नियम-377 के अंतर्गत लिलोरी रेलवे क्रॉसिंग पर तत्काल फ्लाईओवर (ऊपरी सड़क पुल/ROB) निर्माण की स्वीकृति एवं शीघ्र कार्यारंभ सुनिश्चित किए जाने का विषय उठाया गया था। यह मुद्दा क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्या से जुड़ा हुआ था।

रेल राज्य मंत्री का आधिकारिक पत्र

इस संदर्भ में माननीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि मामले की जांच कराई गई है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि कतरासगढ़–नीतितुर रेल खंड के किलोमीटर 0/15–16 पर स्थित समपार संख्या 3/Spl/3T (लिलोरी रेलवे क्रॉसिंग) के स्थान पर ऊपरी सड़क पुल (ROB) निर्माण का कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा अपने हाथ में लिया गया है।

वर्तमान में यह परियोजना स्वीकृति की प्रक्रिया में है तथा NHAI द्वारा सामान्य व्यवस्था आरेख (General Arrangement Drawing – GAD) तैयार करने का कार्य प्रगति पर है।

क्षेत्र की यातायात समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

लिलोरी रेलवे क्रॉसिंग पर अक्सर लगने वाले जाम एवं आवागमन की बाधाओं को देखते हुए यह परियोजना अत्यंत आवश्यक थी। आरओबी निर्माण से न केवल कतरास, लिलोरी और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को राहत मिलेगी, बल्कि औद्योगिक एवं वाणिज्यिक गतिविधियों को भी सुगमता प्राप्त होगी।

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद लोकसभा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को संसद के पटल पर मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लिलोरी रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण क्षेत्र के समग्र विकास और सुरक्षित यातायात व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक निर्माण कार्य धरातल पर प्रारंभ नहीं हो जाता, तब तक वे संबंधित मंत्रालय एवं NHAI के साथ सतत संपर्क में रहेंगे और कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होने देंगे।

सांसद ढुलू महतो ने केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएँ शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। यह परियोजना पूर्ण होने के पश्चात धनबाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में स्थायी सुधार सुनिश्चित होगा।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *