धनबाद(KATRAS): सरस्वती विद्या मंदिर, सिनीडीह में सम्मान समारोह आयोजित कर ऐसी बहनों को सम्मानित किया गया जिन्होंने 35 वें अखिल भारतीय एथलेटिक खेलकूद में भाग लेकर विद्यालय, विद्या विकास समिति, झारखंड एवं उत्तर पूर्व क्षेत्र का नाम रोशन किया। वंदना सभा में बहन अंशु कुमारी, रेणु कुमारी एवं निर्जला कुमारी को विद्यालय के प्राचार्य राकेश सिन्हा एवं आचार्य अशोक कुमार सिंह ने पदक, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया..
अखिल भारतीय खेलकूद प्रतियोगिता के हैमर थ्रो एवं डिस्कस थ्रो में तृतीय स्थान प्राप्त कर अंशु कुमारी ने कांस्य पदक प्राप्त किया । विद्यालय ने उन्हे विशेष सम्मान से भी सम्मानित करने की भी बात कही। रेणु कुमारी एवं निर्जला कुमारी को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ,उन्हें भी मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपने सम्बोधन में विद्यालय के प्राचार्य राकेश सिन्हा ने कहा कि निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य मिलती है। अखिल भारतीय खेलकूद में स्थान बनाना कितना कठिन होता है,यह सभी जानते हैं..
अतः यह वही कर सकता है, जो निरंतर प्रयास करता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि आप भी निरंतर प्रयास करते रहें तो आप भी हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। विद्या भारती के द्वारा हर वर्ष विद्या भारती के विद्यालयों में साथ ही साथ सीबीएसई द्वारा आयोजित विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों में आपको अवसर मिलता रहता है..
अवसर का लाभ उठाते हुए आप अपनी योग्यता एवं क्षमता का परिचय देकर प्रत्येक प्रतियोगिता में अपना उचित स्थान बना सकते हैं। अतः उचित यही होगा कि आप रुचि लेकर उनमें भाग लें और सफलता प्राप्त करें। यह खेलकूद प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के सतना में 22 .09.24 से 27.0924 तक आयोजित था। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के पिटी टीचर प्रवीण कुमार दास, नवल किशोर झा, नमिता कुमारी, अशोक कुमार सिंह, सुधीर कुमार दास के साथ-साथ सभी आचार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है..
NEWSANP के लिए कतरास से सत्येन्द्र तिवारी की रिपोर्ट

