धनबाद(SINDRI): मंगलवार को पत्रकार सत्येंद्र चौहान पर दर्ज कथित झूठे मुकदमे को लेकर आल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (AISMJWA) ने वरीय पुलिस अधीक्षक, धनबाद को मेल के माध्यम से आवेदन पत्र भेजकर निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है।
पत्र के अनुसार, दैनिक जागरण के संवाददाता सत्येंद्र चौहान 11 नवंबर 2025 को विश्वकर्मा परियोजना में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलने पर समाचार संकलन के लिए पहुँचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर जानलेवा हमला किया, जिसकी प्राथमिकी धनसार थाना, कांड संख्या 215/25 में दर्ज है। पीड़ित पत्रकार के मुताबिक, पूरी घटना का CCTV फुटेज भी उपलब्ध है।
एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि हमले के आरोपियों ने प्रतिशोध में पत्रकार के खिलाफ धनसार थाना में कांड संख्या 216/25 के तहत झूठी शिकायत दर्ज कराई है, जबकि सत्येंद्र केवल अपना दायित्व निभा रहे थे।
बोकारो ज़ोन के प्रमंडल प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने कहा, “किसी भी पत्रकार के साथ अगर कोई दिक्कत होगी तो एसोसिएशन उनके साथ खड़ा है। सत्येंद्र को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।”
एसोसिएशन ने एसएसपी धनबाद से अनुरोध किया है कि कांड संख्या 216/25 की निष्पक्ष और शीघ्र जांच कर सत्येंद्र चौहान को इस झूठे मामले से आरोपमुक्त किया जाए।
NEWSANP के लिए भोला बाउरी की रिपोर्ट

