
आसनसोल के एलआईसी मोड़ पर दूसरे दिन भी प्रदर्शन, पुलिस के आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम
आसनसोल(WEST BENGAL): आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के एलआईसी मोड़ पर मंगलवार को गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज ग्राहकों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा। लोगों ने खाली गैस सिलेंडर सड़क पर रखकर आसनसोल से पुरुलिया और झारखंड जाने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया और गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे ग्राहकों का आरोप है कि एजेंसी द्वारा उन्हें गैस सिलेंडर के लिए स्लिप तो दे दी जाती है, लेकिन इसके बावजूद 15 से 20 दिनों से वे एजेंसी का चक्कर काट रहे हैं और उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा है। उनका कहना है कि हर बार एजेंसी की ओर से एक-दो दिन का बहाना बनाकर टाल दिया जाता है, लेकिन किसी भी ग्राहक को गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही।
सोमवार को भी इसी मुद्दे को लेकर ग्राहकों ने एजेंसी के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। उस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर जाम हटवाया था और मंगलवार को सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था।
हालांकि मंगलवार को भी जब ग्राहकों को गैस सिलेंडर नहीं मिला, तो वे दोबारा सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने एजेंसी पर कालाबाजारी और वादाखिलाफी का गंभीर आरोप लगाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फिर मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस और प्रशासन की ओर से दोपहर एक से दो बजे के बीच गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें जल्द गैस सिलेंडर नहीं मिला, तो वे गैस एजेंसी के खिलाफ उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

