संविधान दिवस पर धनबाद पुलिस में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम…

संविधान दिवस पर धनबाद पुलिस में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम…

संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर पुलिसकर्मियों ने लिया संकल्प

धनबाद (DHANBAD): भारत के संविधान अपनाए जाने की ऐतिहासिक तिथि संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को धनबाद पुलिस की ओर से जिलेभर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस मुख्यालय सहित सभी थाना, ओपी, पुलिस केंद्रों एवं विभिन्न पुलिस कार्यालयों में यह कार्यक्रम एक साथ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव आंबेडकर व अन्य संविधान रचनाकारों को श्रद्धांजलि देकर की गई। इसके उपरांत वरीय पदाधिकारियों के नेतृत्व में सभी मौजूद अधिकारियों एवं पुलिस जवानों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान की गरिमा, नागरिक अधिकारों की रक्षा तथा कर्तव्यों के सम्मान का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज़ नहीं, बल्कि देश की आत्मा और लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। एक पुलिस अधिकारी के रूप में हमारा यह दायित्व है कि हम संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों की रक्षा करें और न्याय एवं कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करें। संवेदनशीलता, निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा हमारी कार्यशैली का हिस्सा होनी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि संविधान देश की एकता और विविधता का प्रतीक है और पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संविधान की भावनाओं को सदैव सर्वोपरि रखना चाहिए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जिले के पुलिस अधिकारी, जवान और अन्य कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय कर्तव्य पालन की शपथ को दोहराया।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *